A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

प्रमण्डलीय आयुक्त ने की विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की समीक्षा

समय पर म्यूटेशन, प्रमाण पत्र के आवेदनों का निष्पादन करने का दिया निर्देश

स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व प्रगति पर की जिला प्रशासन की सराहना

प्रमण्डलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल, हजारीबाग, श्री विजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आज समाहरणालय के सभागार में राजस्व संग्रहण, राजस्व न्यायालय, आंतरिक संसाधन, एसआइआर 2026 सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी कार्यों के लिए राजस्व में वृद्धि आवश्यक है। इसके समूचित संकलन के लिए अपनी समस्त विभागीय शक्तियों का प्रयोग कर राज्य सरकार के लक्ष्य के अनुसार राजस्व की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी अपने विभागीय कार्यों, योजनाओं, कार्यक्रमों, नियमों और शासनादेशों की पूरी जानकारी रखे, अधिकारियों को जितनी अच्छी जानकारी होगी, वे राजस्व संग्रहण में उतना ही अच्छा काम कर सकेंगे।

समीक्षा के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित वार्षिक राजस्व लक्ष्य तथा अब तक की लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति का विस्तार से आकलन किया। इस अवसर पर खनन विभाग, वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, कृषि, कृषि उत्पादन बाजार समिति, निबंधन, मत्स्य, नगर निगम, विद्युत आपूर्ति, ई-रेवेन्यु कोर्ट, डीएमएफटी सहित अन्य की समीक्षा की। इस दौरान विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के वार्षिक लक्ष्य, अब तक की राजस्व प्राप्ति तथा शेष लक्ष्य के संबंध में अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा वर्तमान स्थिति एवं राजस्व संग्रहण की प्रगति से आयुक्त को अवगत कराया।

बैठक के दौरान राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को समय सीमा के अंदर दाखिल खारिज आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित दाखिल-खारिज मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बिना ठोस कारण दाखिल खारिज लंबित रखना राजस्व हित के लिए उचित नहीं है। राइट टू सर्विस में भी यह दंडनीय है।

उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को नियमित रूप से हल्का का निरीक्षण करने एवं सरकारी जमीन का संरक्षण करने का भी निर्देश दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने जाति, आवासीय, आय सहित अन्य प्रमाण पत्रों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देकर समय पर आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उपरोक्त प्रमाण पत्र आवेदकों के लिए अति महत्वपूर्ण होते हैं।

वहीं नीलाम पत्र वाद की समीक्षा में उन्होंने बड़े बकाएदारों पर ध्यान केंद्रित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने राज्य सरकार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने, समय-समय पर सघन जांच अभियान चलाने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उत्पाद विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने मद्य दुकानों की बंदोबस्ती की स्थिति, अवैध शराब के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा जब्त देशी-विदेशी शराब की जानकारी प्राप्त की। वाणिज्य कर विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कर संग्रहण में वृद्धि तथा कर चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं खनन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अवैध खनन एवं परिवहन को पूर्णतः बंद करने के लिए सतत निगरानी एवं सघन जांच अभियान चलाने, अवैध खनन गतिविधियों पर कार्रवाई तेज करने, बिना वैध लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध एमएमडीआर अधिनियम एवं अन्य प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

प्रमंडलीय आयुक्त ने डीएमएफटी की भी समीक्षा की। उन्हें बताया गया कि डीएमएफटी से सदर अस्पताल, शहीद निर्मल महतो एंड हॉस्पिटल, तोपचांची में 12 बेड का डायलिसिस सेंटर, हेल्थ सेंटर केंद्र सहित स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई कार्य किए गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व प्रगति पर जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का भी उद्देश्य जिले के अंतिम व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करनी है। इसमें धनबाद जिला प्रशासन सरकार की उम्मीदों पर खरा उतरा है।

बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने मतदाता सूची के विशेष ग्रहण पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) की समीक्षा की। उन्होंने गणना प्रपत्र के वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया। उन्होंने शहरी क्षेत्र में अगले दिन की योजना बनाकर कार्य करने का सुझाव दिया।

वहीं बैठक से पूर्व उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने सर्किट हाउस में प्रमंडलीय आयुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

बैठक में प्रमण्डलीय आयुक्त श्री विजय कुमार गुप्ता, उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, निदेशक डीआरडीबी श्री राजीव रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कालिदास मुंडा, डीएसओ श्री पंकज कुमार, डीटीओ श्री दिवाकर सी द्विवेदी, डीसीएलआर श्री दिलीप कुमार महतो, डीएमओ श्री रितेश राज तिग्गा, सहायक नगर आयुक्त श्री प्रसून्न कौशिक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!