
धुरकी (गढ़वा): गढ़वा जिले की धुरकी थाना पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सात फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने सभी आरोपियों को पुतूर गांव से गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने बताया कि गिरफ्तार वारंटियों में अनिल राम (28), पिता किशुन राम, राजेश राम (34), पिता भगत राम, रमेश राम (31), पिता हरिवंश राम, अवधेश राम (42), पिता हरिवंश राम, संतोष राम (39), पिता हरिवंश राम, बिडू राम (50) तथा राम प्यारी राम (50), पिता स्व. प्रसाद राम शामिल हैं। सभी पुतूर गांव के निवासी हैं और GR नंबर 2146/17 के वारंटी थे।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे। शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना मिलने पर धुरकी थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर सभी सातों वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।





