
ललितपुर।
पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल मिश्रण किए जाने के विरोध में अपना दल (कमेरावादी) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत जिलाध्यक्ष देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल मिश्रण से आम उपभोक्ताओं एवं वाहन चालकों को तकनीकी और आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए इथेनॉल मिश्रण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है तथा बाजार में खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी से किसान परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते जनहित एवं किसानों से जुड़े मुद्दों का प्रभावी समाधान नहीं किया, तो अपना दल (कमेरावादी) व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।
प्रदर्शन में सुभान पटेल, पुष्पोत्तम, राजेंद्र यादव, सुनील कुमार, सतीश, भूपेंद्र तथा देवेंद्र निरंजन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।
रामजी तिवारी
जिला संवाददाता ललितपुर













