

नीमच। नगर पालिका स्विमिंग पूल परिसर मंगलवार शाम उस समय उत्साह और तालियों की गूंज से भर उठा, जब जिला तैराकी संघ ने मेडल सेरेमनी आयोजित कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों का सम्मान किया। सम्मान समारोह के बाद जिले के 17 तैराकों को इंदौर के लिए रवाना किया गया, जहां वे 16 से 18 जुलाई तक लक्ष्मण सिंह स्वीमिंग पूल में आयोजित होने वाली 54वीं मध्यप्रदेश स्टेट तैराकी चैंपियनशिप में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य चैंपियनशिप में स्थान बनाया है। इंदौर रवाना होने से पहले जिला तैराकी संघ की ओर से सभी खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण-पत्र और आकर्षक टीम टी-शर्ट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। खिलाड़ियों ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष चोपड़ा तथा नगर पालिका जलकल सभापति छाया जायसवाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीमच के तैराक राज्य चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में जिला तैराकी संघ के मंडल अध्यक्ष दिलीप डूंगरवाल, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडावरिया, विष्णु मोदी, मुकेश चतुर्वेदी, रामगोपाल मोदी, बंटू बाफना, भगवती प्रसाद, राघवेंद्र खटीक, मेंटर प्रभु मूलचंदानी सहित संघ के पदाधिकारी, कोच एवं पूल स्टाफ मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सफल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं और पूरे दल का हौसला बढ़ाया। सम्मान समारोह के साथ खिलाड़ियों में राज्य चैंपियनशिप को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। अब जिले की उम्मीदें इन युवा तैराकों पर टिकी हैं, जो इंदौर में होने वाली प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन से नीमच को गौरवान्वित करने का प्रयास करेंगे।
















