
मनासा। सांदीपनि विद्यालय मनासा में आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा महोत्सव के तीसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. बसेर ने मुख्य अतिथि रजनीश शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में चेतना पाटीदार, अनमोल दमामी, अंकिता खटीक, सीमा रावत, मयंक, हितेश, अनमोल, रचित उपाध्याय, हर्षिता पाटीदार, अक्षरा बैरागी, रंजना, कपिल, वर्षा, जयराज कुशवाह एवं धनेश्वरी सहित अनेक विद्यार्थियों ने गुरु के महत्व, भारतीय संस्कृति एवं आदर्श जीवन मूल्यों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।भाषण प्रतियोगिता का मूल्यांकन श्रीमती स्नेहलता बिश्नोई, श्री अनिल शर्मा एवं श्रीमती ललिता गायरी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री रघुवीर शर्मा ने छात्र जीवन में गुरु की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के अनुरूप जीवन जीने का संदेश भी दिया।कार्यक्रम का संचालन श्री घनश्याम शर्मा ने किया, जबकि अंत में श्री रोहित मांदले ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रेरक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।











