

रिपोर्ट। घरकास मोखा। गुजरात
भुज: कच्छ जिले के पशुपालकों को पर्याप्त मात्रा में और बिना किसी देरी के राहत दर पर घास उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में कच्छ जिला कलेक्टर अनिल कुमार राणावासिया ने बन्नी ग्रासलैंड विभाग के तहत आने वाले धोर्डो स्थित फोरेस्ट घास गोदाम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में रखे घास की गुणवत्ता, रख-रखाव और भंडारण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने मौके पर मौजूद वन विभाग, राजस्व अधिकारियों और तलाटियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पशुपालकों को राहत दर पर मिलने वाला घास बिना किसी देरी के तुरंत उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि “पात्रता रखने वाले सभी पशुपालकों को पारदर्शी और सुगम प्रक्रिया के तहत समय पर घास चारा मुहैया कराना ही जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
कलेक्टर राणावासिया ने पूरी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए वन विभाग, तहसीलदार (मामलतदार) कार्यालय, पुलिस प्रशासन और स्थानीय तलाटियों को आपस में बेहतर समन्वय (कोऑर्डिनेशन) बनाकर काम करने की ताकीद की। उन्होंने कहा कि गोदाम पर आने वाले किसी भी पशुपालक को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इस निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर के साथ वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, तहसीलदार, पुलिस विभाग के अधिकारी, स्थानीय तलाटी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।










