मुंबई जाने को लेकर विवाद, पत्नी ने सिलबट्टे से किया हमला
पति घायल, मुकदमा दर्ज
सिद्धार्थनगर जिले के पथरा बाजार थाना क्षेत्र के कम्हरिया बुजुर्ग गांव में शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद हिंसक हो गया। मुंबई जाकर रोजगार करने की बात को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने कथित रूप से पति के सिर पर सिलबट्टे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल विजय बहादुर के अनुसार, वह पैरों की चोट का इलाज करा रहा था और इलाज के लिए निजी कंपनी से ऋण लिया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद वह रोजगार की तलाश में मुंबई जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसकी पत्नी इसका लगातार विरोध कर रही थी।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी ने सिलबट्टे से उसके सिर पर हमला कर दिया। शोर सुनकर परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया।
इलाज के बाद विजय बहादुर ने पथरा बाजार थाने में पत्नी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पथरा बाजार थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



