
सतना : दिनांक 04 अगस्त 2026 को थाना जसो अंतर्गत ग्राम अमकुई में सूचना प्राप्त हुई कि गांव के स्कूल के पीछे स्थित पड़ाह के पास भठिया में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड एवं सर्विलांस टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
मृतक की पहचान अतुल कुशवाहा पिता रामकेश कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम अमकुई के रूप में हुई। मृतक गांव में ऑनलाइन सेवा एवं फोटोकॉपी की दुकान संचालित करता था।
परिजनों के अनुसार, दिनांक 01 अगस्त 2026 को रात्रि लगभग 8:38 बजे दुकान बंद करने के बाद अतुल घर नहीं लौटा। उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। परिजनों द्वारा आसपास एवं रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई। दिनांक 02 अगस्त 2026 को थाना जसो में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।
दिनांक 04 अगस्त 2026 को सुबह मृतक के चाचा कोमल कुशवाहा को सूचना मिली कि अतुल का शव गांव के स्कूल के पीछे भठिया में पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर शव झाड़ियों के बीच संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। तत्पश्चात पुलिस को सूचना दी गई।
विवेचना एवं खुलासा
पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार थाना जसो के अपराध क्रमांक 123/2026 तथा मर्ग क्रमांक 24/2026 की विवेचना प्रारंभ की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण गला घोंटकर हत्या होना बताया गया। इसके आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238 की बढ़ोत्तरी की गई।










