


बेगूं। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष श्री रमेशचंद पुष्करणा के चौथी बार प्रदेशाध्यक्ष पद पर नियुक्त होने पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खंड बेगूं के तत्वावधान में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, बस स्टैंड बेगूं में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के संभाग उपाध्यक्ष पूरणमल लोहार, प्रदेश संयुक्त मंत्री एवं ‘मेरा विद्यालय मेरा तीर्थ’ प्रदेश प्रमुख प्रकाश बक्षी, जिलाध्यक्ष कैलाश चंद्र मालू, जिलामंत्री निर्भयराम धाकड़, जिला उपाध्यक्ष हमीर सिंह, जिला सचिव सागर मल पटवा एवं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष भंवर सिंह गौड़ सहित पदाधिकारियों ने मां शारदे के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष रमेशचंद पुष्करणा ने संगठन की आगामी योजनाओं और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाने तथा विद्यालयों को शिक्षा के मंदिर के साथ-साथ तीर्थ के रूप में विकसित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान को किसी भी स्थिति में कम नहीं होने दिया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि शिक्षकों से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को सरकार के समक्ष रखा गया है और इनके सकारात्मक समाधान की उम्मीद है। उन्होंने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, टीएसपी एवं नॉन-टीएसपी क्षेत्रों में शिक्षकों की घर वापसी, स्टॉपिंग पैटर्न, नई कार्मिक भर्ती, वेतन विसंगति तथा अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों को पुनः हिंदी माध्यम में संचालित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर खंड बेगूं की कार्यकारिणी की ओर से खंड अध्यक्ष गोपाल लाल धाकड़, शिवराज गोस्वामी, कन्हैया लाल गोचर, खंड मंत्री मुकेश कुमार धाकड़ एवं सुमति कुमार लुहाड़िया ने सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर एवं बानोड़ा बालाजी का छायाचित्र भेंट कर सम्मान किया।
समारोह में खंड बेगूं के 150 से अधिक कार्यकर्ताओं एवं शिक्षकों ने उपस्थित होकर प्रदेशाध्यक्ष रमेशचंद पुष्करणा का अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि बेगूं खंड संगठनात्मक गतिविधियों में सदैव अग्रणी रहा है और भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ कार्य करता रहेगा।



