
*फल बेचने की आड में कर दिया खेला।

ऋषिकेश। ठेली से फल खरीदने गई महिला के पर्स से लाखों की ज्वेलरी व नगदी चोरी कर फरार हो रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी की गई ज्वेलरी व नगदी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते कल सुमन राणा पत्नी महिपाल राणा, निवासी मंशा देवी, गुमानीवाला, ऋषिकेश ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी लड़की की शादी के लिए बैंक में रखा सोना लेकर घर आ रही थी जिसमे तीन सोने की चैन, एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की झुमकी, दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक चांदी का ब्रेसलेट एवं रु0 64,000/- नगद थे, एक पर्स में रखकर उसे काले रंग के बड़े पर्स में रखा था। बताया कि जब वह भरत विहार गेट के पास ठेली से केले लेने के बाद जब घर पहुंची तो देखा कि उसके बैग में ज्वेलरी वाला पर्स गायब था। महिला ने चोरी के शक में ठेली संचालक राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और गुप्त तरीके से आरोपी की हर गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। चौकी आईडीपीएल प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास से जानकारी जुटाने के साथ ही मुखबिर की मदद से आरोपी को आज बुधवार योगनगरी रेलवे स्टेशन के पास से धर दबोच लिया। आरोपी बिहार भागने की फिराक में था। आरोपी राजकुमार पुत्र शिव शाह, निवासी बेतिया, बिहार के कब्जे से चोरी की ज्वेलरी व नगदी बरामद कर उसे जेल भेज दिया गया है।
न्यूज HN7 अपने सभी पाठको को भी आगाह करता है कि वह या उनके परिजन कोई भी कीमती सामान को पहले घर पर सुरक्षित रखकर उसके बाद ही अन्य खरीददारी करें साथ ही बाजार में खरीददारी करते वक्त बड़ी सावधानी बरतें। क्योंकि किस्मत हर वक्त साथ नहीं देती, आपकी सावधानी ही आपकी व आपके सामान की सुरक्षा है।





