

दंताला मीणा में छात्रावास भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 75 लाख की राशि स्वीकृत, ग्रामीणों ने किया जमवारामगढ़ विधायक महेन्द्रपाल मीणा का स्वागत
जयपुर। राज्य सरकार के जनजाति विकास विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम छात्रावास दंताला मीणा के नवीन भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 75 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर बुधवार को दंताला मीणा के सैकड़ों ग्रामीणों ने विधायक महेंद्र पाल मीणा का साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया।ग्रामीणों ने बताया कि आश्रम छात्रावास गांव की पहचान से जुड़ा हुआ है। छात्रावास भवन का निर्माण वर्ष 1980 में हुआ था और लंबे समय से भवन जर्जर अवस्था में पहुंच चुका था। ग्रामीणों के अनुसार छात्रावास अधीक्षक मोहन मंगलम ने विधायक महेंद्र पाल मीणा को छात्रावास भवन की जर्जर स्थिति एवं नवीन भवन की आवश्यकता से अवगत कराया था।
विधायक ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से संपर्क कर नवीन छात्रावास भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 75 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राशि स्वीकृत होने पर ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया।
विधायक महेंद्र पाल मीणा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे आगे भी निरंतर प्रयासरत रहेंगे तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने छात्रावास अधीक्षक मोहन मंगलम का भी माला पहनाकर स्वागत किया और छात्रावास भवन के निर्माण के लिए उनके सकारात्मक सहयोग एवं प्रयासों की सराहना की।इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य मातादीन मीणा, मालीराम शर्मा, बाबूलाल गुनावत, रामस्वरूप मीणा, बाबूलाल मीणा, रिंकू मीणा, अर्जुन खोड़ा, सीताराम मीणा, रामू मीणा सहित अन्य ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






