
मकरोनिया से बटालियन ग्राउंड, मुक्ति धाम से रविदास लोक तथा मकरोनिया चौराहा से जीरो माइल-सिविल लाइन मार्ग के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश,
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने मकरोनिया क्षेत्र सहित नरयावली विधानसभा के महत्वपूर्ण मार्गों की जर्जर स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निर्माण एवं सुधार को लेकर कलेक्टर तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री से चर्चा की।
मकरोनिया चौराहा से बटालियन ग्राउंड एवं मुक्ति धाम से रविदास लोक तक के मार्ग का टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ भूमि पूजन भी हो चुका है, इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं आने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी प्रकार मकरोनिया चौराहा से जीरो माइल, सिविल लाइन तक व्हाइट टॉपिंग कार्य की टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है।
विधायक लारिया ने अधिकारियों से चर्चा के दौरान इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर कार्य में गति लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मार्गों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है, ऐसे में जर्जर सड़कें लोगों के लिए असुविधा का कारण बन रही हैं।
इसी क्रम में बटालियन ग्राउंड से गंभीरिया चौराहा होते हुए नरवानी-लिधौरा हाट तक का मार्ग भी अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। विधायक ने इस मार्ग की स्थिति से भी अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं शीघ्र सुधार की दिशा में कार्यवाही करने को कहा।
विधायक लारिया ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक जीवन की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना हैं। लंबे समय से जर्जर मार्गों के कारण नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं ग्रामीण क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जिन मार्गों की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, वहां निर्माण कार्य को बिना अनावश्यक विलंब के धरातल पर उतारना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कलेक्टर एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मार्गों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।






