

महराजगंज
महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 129 वाहनों के चालान; 34 आरोपी गिरफ्तार
महराजगंज। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने 24/25 अगस्त की रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 129 वाहनों का चालान किया गया, जबकि शांति भंग की आशंका में 30 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, तेज गति से वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। साथ ही विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई।
शांति व्यवस्था के लिए 30 गिरफ्तार
जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस ने शांति भंग की आशंका के मद्देनजर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कुल 30 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को भारी से भारी जमानत मुचलके से पाबंद कराया गया।
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने महिलाओं को उनकी सुरक्षा के लिए उपलब्ध संसाधनों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी।
पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त जारी रही। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र और अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की गई।
पुलिस ने प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में नागरिकों से सहयोग की अपील की। इस दौरान 34 पुलिस एक्ट के तहत 38 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई
ठूठीबारी थाना पुलिस ने राजू नट निवासी मेधौली कला और अशोक यादव निवासी डिगही को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 150 शीशी अवैध नेपाली शराब (किशमिश सौंफ) बरामद की। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
वहीं फरेंदा थाना पुलिस ने लौगा पत्नी रामआशीष निवासी मथुरानगर टोला भारीवैसी के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
कोल्हुई थाना पुलिस ने ओमनाथ पुत्र रामवृक्ष निवासी जंगल गुलरिहा मोती सगरा को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा। उसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
19 लंबित विवेचनाओं का निस्तारण
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थानों की पुलिस ने गुण-दोष के आधार पर कुल 19 विवेचनाओं का निस्तारण किया।
इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, कास्तकारों और किसानों के साथ शांति समिति की बैठकें कर आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस के मुताबिक 24/25 अगस्त को विभिन्न मामलों में कुल 34 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।
[yop_poll id="10"]



