रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का तोहफा
एक सहयोगी भी कर सकेगा निशुल्क सफर
सिद्धार्थनगर। रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा का तोहफा दिया है। 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिलाएं उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में बिना किराये के यात्रा कर सकेंगी। उनके साथ एक सहयोगी को भी निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सिद्धार्थनगर डिपो ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। डिपो के बेड़े में शामिल 60 बसों में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस दौरान महिला यात्री के साथ एक सहयात्री भी निशुल्क सफर कर सकेगा।
रक्षाबंधन पर बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन निगम ने लोकल सहित विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। सिद्धार्थनगर से बस्ती, गोरखपुर, लखनऊ समेत किसी भी रूट पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने पर तत्काल अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी।
“रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए रोडवेज की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।” बीके गंगवार, एआरएम रोडवेज





