

KANTH (MORADABAD)। तहसील कांठ क्षेत्र में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में परंपरागत रूप से जुलूस निकाले गए। जुलूसों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की और आयोजकों व जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन किया।

जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर गुजरे, जहां लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान धार्मिक नारों से वातावरण गूंजता रहा। आयोजकों ने ईद मिलादुन्नबी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं और सुन्नतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने इंसानियत, प्रेम, भाईचारे, शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द को मजबूत किया जा सकता है। जुलूस के दौरान लोगों ने क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ की। जुलूस को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी सतर्क रही। प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही और शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस संपन्न कराया गया। पर्व के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल देखने को मिली।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️




