बारिश से संकट में सतना के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र, पूर्व सैनिक संगठन ने संभाला राहत का मोर्चा

सतना: चंद्रशेखर आज़ाद पूर्व सैनिक संगठन की दो टीमें गांव-गांव पहुंचा रहीं भोजन, पानी और प्लास्टिक टेंट; 1,000 भोजन पैकेट एवं 1,000 वाटर पाउच लेकर निकली राहत टीम
सतना, सोमवार। सतना जिले में पिछले करीब 15 दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
गांव हो या शहर, खेत हो या सड़क—लगातार बारिश के कारण अनेक स्थानों पर जलभराव, आवागमन की परेशानी तथा दैनिक जीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याएं सामने आ रही हैं। संकट की इस घड़ी में कई परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं।
ऐसे समय में जरूरतमंद परिवारों के प्रति संवेदना और सेवा की भावना के साथ चंद्रशेखर आज़ाद पूर्व सैनिक संगठन, सतना ने राहत कार्य का बीड़ा उठाया है। संगठन की दो राहत टीमें 31 अगस्त 2026 से सक्रिय होकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही हैं और आवश्यकता के अनुसार आगामी 3 से 5 दिनों तक राहत एवं सहायता कार्य जारी रखने की तैयारी की गई है।
भोजन-पानी और आश्रय की व्यवस्था
संगठन द्वारा प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल तथा बारिश से बचाव के लिए प्लास्टिक टेंट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सदस्यों के सहयोग से लंगर भी लगातार संचालित किया जा रहा है।
भोजन तैयार करने के लिए 2 पुरुष एवं 4 महिला रसोइयों की व्यवस्था की गई है। एक होटल में पर्याप्त मात्रा में राशन, सब्जियां एवं अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर भोजन तैयार किया जा रहा है।
इसके बाद संगठन की राहत टीमें भोजन एवं राहत सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचा रही हैं। पहली टीम ने संभाला मोर्चा
संगठन के जिला अध्यक्ष श्री सुनील सिंह परिहार स्वयं पहली टीम के साथ मैदान में उतरकर राहत कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं।
मीडिया प्रभारी सूबेदार/क्लर्क राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी (सेवानिवृत्त) को जानकारी देते हुए संगठन ने बताया कि पहली टीम में संरक्षक श्री सुरेश प्रताप सिंह (जाखी), जिला अध्यक्ष श्री सुनील सिंह परिहार, नागौद इकाई अध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह, पी.डी. सिंह परिहार, राजकुमार सिंह परिहार, विकास सिंह परिहार, शिवम तिवारी, चंद्रावली सिंह, जितेन्द्र शुक्ला, यशवंत सिंह, संजय सिंह (बदखर), सुरेन्द्र सिंह (सुहास) एवं राजेश सिंह (पतेरी) सहित अनेक सदस्य राहत कार्य में सक्रिय हैं।
इन सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में चिन्हित जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। 31 अगस्त की शाम सतना से लगभग 1,000 भोजन पैकेट, 1,000 वाटर पाउच तथा 30×30 आकार के 100 प्लास्टिक टेंट लेकर राहत टीम प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना हुई।
टीम का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर वर्तमान संकट में फंसे परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। दूसरी टीम भी अगले चरण के लिए तैयार
संगठन की दूसरी टीम में श्री कमलेश सिंह, श्री अशोक सिंह, श्री संदीप सिंह, श्री लोकेन्द्र सिंह, श्री विनीत तिवारी एवं श्री बी.के.
त्रिपाठी (शिवनगर) सहित अन्य साथी शामिल हैं। यह टीम 01 सितंबर 2026 के राहत अभियान के लिए भोजन एवं आवश्यक सामग्री की तैयारी में जुटी हुई है तथा सुबह राहत सामग्री लेकर चिन्हित गांवों की ओर रवाना होगी।
संकट में सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा या कठिन परिस्थिति में किसी जरूरतमंद के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानव सेवा है। पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन में जिस अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र की सेवा की, उसी भावना को नागरिक जीवन में भी समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
राहत सामग्री प्राप्त करने वाले ग्रामीणों एवं प्रभावित परिवारों ने संगठन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके इस प्रयास की सराहना की और उन्हें आशीर्वाद दिया। वीर नारियों एवं सदस्यों ने भी बढ़ाया सहयोग
संगठन से जुड़ी वीर नारियों एवं महिला सदस्यों ने भी प्रभावित परिवारों के लिए मंगलकामना करते हुए राहत कार्य में सहयोग की इच्छा व्यक्त की है।
श्रीमती आशा सिंह ने स्वयं राहत कार्य में मैदान में जाकर सहयोग करने की इच्छा जिला अध्यक्ष से व्यक्त की तथा ₹1,100/- की सहयोग राशि प्रदान की, जो तत्काल राहत व्यवस्था में उपयोग की जा रही है। संगठन के अन्य सदस्यों ने भी आवश्यकता पड़ने पर लगातार सहयोग देने की इच्छा व्यक्त की है।
"मुश्किल की घड़ी में कोई परिवार अकेला नहीं"
चंद्रशेखर आज़ाद पूर्व सैनिक संगठन, सतना का यह राहत अभियान केवल भोजन और सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बारिश से प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उन्हें यह भरोसा दिलाना है कि मुश्किल की घड़ी में समाज उनके साथ खड़ा है। संगठन ने आवश्यकता के अनुसार राहत कार्य को आगे भी जारी रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में गांव-गांव पहुंचकर यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






