खुड़ीयाना में 27 वर्ष तक ज्ञान की अलख जगाने वाले शिक्षक घनस्याम जाटव की विदाई

खुड़ियाना: 27 वर्षों तक ज्ञान की अलख जगाने वाले शिक्षक घनश्याम सिंह जाटव की भावभीनी विदाई, ग्रामीणों व युवाओं ने किया नागरिक अभिनंदन
खुड़ियाना:
शिक्षा के क्षेत्र में करीब तीन दशक तक समर्पित भाव से सेवाएं देकर विद्यार्थियों के भविष्य को तराशने वाले वरिष्ठ शिक्षक घनश्याम सिंह जाटव को उनकी सेवानिवृत्ति पर पूरे गांव ने भावपूर्ण विदाई दी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खुड़ियाना में आयोजित इस विदाई समारोह में 27 वर्षों के लंबे और प्रेरणादायी सेवाकाल के उपलक्ष्य में समस्त ग्रामवासियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और युवा साथियों ने मिलकर उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह के दौरान माहौल अत्यंत आत्मीय और भावुक रहा। ग्रामीणों ने गुरुजी घनश्याम सिंह जाटव को साफा, माला और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने खुड़ियाना विद्यालय में केवल किताबी ज्ञान नहीं दिया, बल्कि 27 वर्षों के दौरान कई पीढ़ियों को संस्कारित कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की सही दिशा दिखाई। वे शिक्षक के साथ-साथ गांव के प्रत्येक सुख-दुख में अभिभावक की भूमिका निभाते रहे।
समारोह में उपस्थित युवा साथियों ने कहा कि गुरुजी की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सादगी हमेशा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उनके सानिध्य में पढ़कर निकले अनेक विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में गांव का नाम रोशन कर रहे हैं।
विदाई के पलों में शिक्षक घनश्याम सिंह जाटव ने भी भावुक होते हुए सभी ग्रामवासियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खुड़ियाना गांव से मिला असीम स्नेह, सम्मान और अपनापन उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे वे कभी भूल नहीं पाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें विदा किया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






