A2Z सभी खबर सभी जिले कीताज़ा खबर

सत्ता लोभ में जयराम ठाकुर कर रहे जनादेश का अपमान : बाली

सत्ता लोभ में जयराम ठाकुर कर रहे जनादेश का अपमान : बाली

सत्ता के बिना मछली की तरह छटपटा रहे नेता प्रतिपक्ष

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन रघुबीर सिंह बाली ने कहा कि नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, सत्ता के बिना मछली की तरह छटपटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव-2020 में प्रदेश के मतदाताओं ने भाजपा को विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया, लेकिन नेता प्रतिपक्ष इस जनादेश को पचा नहीं पा रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के गठन के बाद से ही भाजपा नेता ऑपरेशन लोट्स की बात बार-बार खुलेआम दोहरा रहे हैं और वर्तमान राज्य सरकार को अस्थिर करने की साज़िश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को सत्ता लोभ छोड़कर जनादेश को खुले मन से स्वीकार करना चाहिए और पूरे पांच साल एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार पूरी तरह से टिकाऊ है और भाजपा की कोई भी साज़िश कामयाब होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार अपने पांच वर्ष का कार्यकाल अवश्य पूरा करेगी।

बाली ने कहा कि सत्ता हथियाने के लिए भाजपा नेता सभी मर्यादाएँ भूल कर धन-बल का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सच्चा कांग्रेसी कभी बिकाऊ नहीं होता और बिकने वालों को हिमाचल प्रदेश की जनता कभी माफ़ नहीं करती है क्योंकि हिमाचल प्रदेश के लोग मेहनतकश है और ईमानदारी की रोटी खाते हैं, लेकिन कभी भी अपने ईमान का सौदा नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू एक साधारण परिवार से निकलकर मुख्यमंत्री के पद पहुँचे हैं। अपने जीवन के पैंतीस वर्षों तक उन्होंने कड़ा संघर्ष किया है और बहुत सी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की हर साज़िश और चुनौती का मुक़ाबला करने में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सक्षम हैं और सभी विधायक उनके साथ हैं।

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जन कल्याण का एक नया इतिहास लिख रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू लीक से हटकर कार्य कर रहे हैं और शपथ ग्रहण करने के बाद सीधा अनाथ बच्चों से मिलना उनके स्वभाव का प्रतीक है। यही नहीं, आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी निजी जमा पूँजी से 51 लाख रुपए की धनराशि दान कर पूरे देश के सामने एक मिसाल पेश की है। इसीलिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी-बड़ी संस्थाओं ने उनके नेतृत्व की सराहना की। बाली ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के दर्द से ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अच्छी तरह से वाकिफ हैं इसलिए सत्ता सँभालने के बाद पहले दिन से ही जन सेवा में जुटे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!