कांठ: पीएसी शूटिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद का दबदबा, कई स्पर्धाओं में रही अव्वल


KANTH (MORADABAD)। 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के तत्वावधान में आयोजित 29वीं अंतर वाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन एलार्म एफीसियेन्सी रेस एवं शूटिंग प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न रायफल शूटिंग स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में मेजबान 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला और टीम ने अधिकांश स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

रायफल शूटिंग 200 गज (नीलिंग) स्पर्धा में 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद ने 163 अंक अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद 153 अंकों के साथ उपविजेता रही। इस स्पर्धा में 23वीं वाहिनी के आरक्षी साहिल अहलावत ने 84 अंकों के साथ व्यक्तिगत प्रथम स्थान हासिल किया। रायफल शूटिंग 300 गज (प्रोन) में भी 23वीं वाहिनी ने 176 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद 151 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस स्पर्धा में आरक्षी सचिन कुमार ने 91 अंक अर्जित कर व्यक्तिगत प्रथम स्थान प्राप्त किया।300 गज (स्नैप) स्पर्धा में भी 23वीं वाहिनी ने 51 अंक के साथ बाजी मारी, जबकि 41वीं वाहिनी 31 अंकों के साथ उपविजेता रही। इस स्पर्धा में मुख्य आरक्षी नीरज सिंह ने 40 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।
300 मीटर थ्री पोजीशन (नीलिंग, प्रोन एवं स्टैंडिंग) स्पर्धा में 23वीं वाहिनी ने 225 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 24वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद 150 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस स्पर्धा में आरक्षी शुभम राठी ने 116 अंकों के साथ व्यक्तिगत प्रथम स्थान हासिल किया। संयुक्त रायफल शूटिंग (पुरानी स्पर्धा) में भी 23वीं वाहिनी ने 746 अंक अर्जित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद 469 अंकों के साथ उपविजेता रही।
हालांकि रायफल बिग बोर (प्रोन) 300 मीटर स्पर्धा में 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद ने 205 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि 23वीं वाहिनी 199 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस स्पर्धा में 41वीं वाहिनी के मुख्य आरक्षी तेजेन्द्र सिंह ने 77 अंकों के साथ व्यक्तिगत प्रथम स्थान हासिल किया। आयोजन सचिव एवं सेनानायक अमित कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया। प्रतियोगिता में पश्चिमी जोन की सभी 14 पीएसी वाहिनियों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन में सहायक सेनानायकों, निर्णायकों, चिकित्सकीय टीम तथा 23वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






