नेशनल हाईवे 44 पर जगह-जगह गड्ढे से हो रही दुर्घटनाएं, फिर क्यों हो रही टोल वसूली

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664* राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मालथौन से झिराघाटी तक सड़क की जर्जर हालत को लेकर पूर्व मंत्री, कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग, मध्यप्रदेश शासन हर्ष यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सड़क की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराए जाने तथा सड़क दुरुस्त होने तक संबंधित टोल बूथ को बंद किए जाने का आग्रह किया है।केंद्रीय मंत्री को भेजे पत्र में हर्ष यादव ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 देश के अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्गों में से एक है। सागर जिले के अंतर्गत मालथौन से झिरघाटी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 की स्थिति वर्तमान में अत्यंत जर्जर एवं चिंताजनक हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण प्रतिदिन हजारों वाहन चालकों एवं यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और अनेक वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। पत्र में स्थानीय स्तर पर सड़क के रखरखाव के नाम पर ठेकेदार द्वारा केवल औपचारिकता निभाते हुए गड्ढों की लीपापोती किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। पत्र के अनुसार कुछ समय बाद सड़क की स्थिति पुनः खराब हो जाती है, जिससे स्पष्ट है कि वर्तमान व्यवस्था से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।हर्ष यादव ने सड़क के डिवाइडर पर अपेक्षित पौधरोपण एवं हरित पट्टी के अभाव का भी उल्लेख किया है। साथ ही वर्तमान में निर्मित ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज की निर्माण गुणवत्ता को लेकर स्थानीय जनता की शिकायतों और असंतोष की ओर भी केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया है।पत्र में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा टोल वसूली का उठाया गया है। हर्ष यादव ने कहा कि इस मार्ग का उपयोग करने वाली जनता से भारी-भरकम टोल टैक्स की वसूली की जा रही है, जबकि उसके अनुरूप सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। खराब सड़क के कारण टोल देने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय, ईंधन, वाहन मरम्मत तथा दुर्घटना के जोखिम का सामना करना पड़ रहा है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।



