मुरादाबाद मंडल को मिली नई कमान, IAS संगीता सिंह होंगी नई मंडलायुक्त


मुरादाबाद मंडल को मिली नई कमान, IAS संगीता सिंह होंगी नई मंडलायुक्त
वंदे भारत/नूर पत्रकार
लखनऊ/मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में देर रात हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल ने मुरादाबाद मंडल की तस्वीर बदल दी। योगी सरकार ने 17 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त आईएएस संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया है। अब संगीता सिंह मुरादाबाद समेत सम्भल, अमरोहा और रामपुर की प्रशासनिक व्यवस्था की कमान संभालेंगी।
आंजनेय कुमार सिंह के बाद मिली नई मंडलायुक्त
मुरादाबाद मंडल के पूर्व मंडलायुक्त आईएएस आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी। प्रतिनियुक्ति पूरी होने के बाद उन्हें उनके मूल कैडर सिक्किम वापस भेज दिया गया। इसके बाद मंडलायुक्त पद पर नई तैनाती को लेकर शासन स्तर पर मंथन चल रहा था। आखिरकार शासन ने अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद मंडल की जिम्मेदारी सौंप दी।
अलीगढ़ से मुरादाबाद तक पहुंचा प्रशासनिक अनुभव
संगीता सिंह इससे पहले अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं। शासन की तबादला सूची जारी होने के बाद अब उन्हें मुरादाबाद मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं प्रयागराज में राजस्व परिषद के सदस्य (न्यायिक) रहे ओम प्रकाश आर्य को अलीगढ़ मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
चार जिलों की होगी सीधी निगरानी
मुरादाबाद मंडल में मुरादाबाद, सम्भल, अमरोहा और रामपुर जिले शामिल हैं। नई मंडलायुक्त के सामने मंडल में कानून-व्यवस्था से लेकर विकास योजनाओं की निगरानी, राजस्व मामलों की समीक्षा, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और शासन की प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारने की बड़ी चुनौती होगी।
खासकर विकास परियोजनाओं की गति, जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और जिलों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय नई मंडलायुक्त की प्राथमिकताओं में शामिल रहने की उम्मीद है।
शासन के फैसले से प्रशासनिक हलकों में हलचल
योगी सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद मुरादाबाद मंडल को नया नेतृत्व मिल गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई मंडलायुक्त संगीता सिंह किस अंदाज में मंडल की कमान संभालती हैं और अधिकारियों से कामकाज में कितनी तेजी और जवाबदेही सुनिश्चित कराती हैं।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







