जिम ट्रेनर ने पत्नी के साथ मिलकर किशोरी की हत्या की, पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर डाला तेजाब

जिम ट्रेनर ने पत्नी के साथ मिलकर किशोरी की हत्या की, पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर डाला तेजाब
बागपत
बागपत। मथुरा की 14 वर्षीय किशोरी परी की हत्या के मामले में बागपत पुलिस ने जिम ट्रेनर अमन सागर और उसकी पत्नी रचना को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, अमन ने पत्नी के साथ मिलकर दिल्ली स्थित किराए के मकान में किशोरी की हत्या की और शव को बोरे में बंद कर स्कूटी से बागपत लाकर हाईवे किनारे फेंक दिया था। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर तेजाब डालने के बाद पेट्रोल से आग लगा दी गई थी।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे काठा और नंगला बहलोलपुर के बीच खेत में किशोरी का अधजला शव मिला था। पोस्टमार्टम में शरीर और चेहरे पर तेजाब डाले जाने की पुष्टि हुई थी। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करा दिया था।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और हाईवे से गुजरने वाले कई वाहनों की जांच की। इसी दौरान बिना नंबर की एक संदिग्ध स्कूटी सामने आई, जिस पर एक दंपती और उनका दो साल का बच्चा दिखाई दिया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस अमन और उसकी पत्नी रचना तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, अमन मथुरा में कपड़ों की दुकान चलाने के साथ जिम ट्रेनर का काम करता था। परी उसके संपर्क में थी। बाद में वह अमन के साथ दिल्ली स्थित किराए के मकान में रहने लगी थी। पुलिस का कहना है कि परी और अमन के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर अमन की पत्नी रचना नाराज थी।
आरोप है कि इसी विवाद के बाद दोनों ने मिलकर परी की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के हाथ-पैर बांध दिए गए और अमन ने उसका गला दबाया, जबकि रचना ने उसके हाथ पकड़े। इसके बाद शव को बोरे में डालकर स्कूटी से बागपत लाया गया और हाईवे किनारे खेत में फेंक दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों ने पहचान छिपाने के लिए शव के चेहरे पर तेजाब डाला और पेट्रोल से आग लगाई। घटना के बाद दोनों हाथरस चले गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को लोनी-बागपत बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






