Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Gaya

पितृपक्ष मेला की तैयारियों का आयुक्त मगध प्रमंडल ने लिया जायजा l

15 Sep 2026, 09:08 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
पितृपक्ष मेला की तैयारियों का आयुक्त मगध प्रमंडल ने लिया जायजा l - गया, बिहार

*पितृपक्ष मेला की तैयारियों का आयुक्त मगध प्रमंडल ने लिया जायजा*

*विष्णुपद, संवास सदन, कंट्रोल रूम, देवघाट, गजाधर घाट, गया जी डैम एवं सूर्यकुंड का किया निरीक्षण*

गया, 15 सितंबर 2026, पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर आयुक्त, मगध प्रमंडल, श्रीमती सफीना ए.एन. द्वारा आज मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस क्रम में उन्होंने विष्णुपद, संवास सदन, कंट्रोल रूम, देवघाट, गजाधर घाट, गया जी डैम, सूर्यकुंड सहित अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर मेला की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
आयुक्त ने कहा कि पितृपक्ष मेला 25 सितंबर 2026 से प्रारंभ होना है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में पिंडदानी एवं तीर्थयात्री पितृपक्ष अवधि में गया जी आते हैं। लगभग 15 दिनों तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां चरणबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से की जा रही हैं, ताकि मेला का स्वरूप भव्य एवं आकर्षक हो तथा देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

*तीर्थयात्रियों की सुविधा एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान*
आयुक्त ने कहा कि पितृपक्ष मेला का सफल एवं सुचारु आयोजन प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। बड़ी संख्या में पिंडदानियों एवं तीर्थयात्रियों के गया आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार बैठकें, समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों के लिए आवासन स्थलों की साफ-सफाई, विभिन्न पिंडदान वेदी स्थलों की स्वच्छता, वेदी स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य बेसिक तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। साथ ही मेला क्षेत्र में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी लगातार समीक्षा की जा रही है।

*यातायात एवं परिवहन व्यवस्था को किया जा रहा सुदृढ़*
मेला अवधि में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। वाहनों के पड़ाव स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ तीर्थयात्रियों के सुगम आवागमन के लिए रिंग बस सेवा एवं ई-रिक्शा परिचालन की व्यवस्था की जा रही है।
आयुक्त ने कहा कि मेला अवधि में श्रद्धालुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन एवं यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाएगा।

*संवास सदन में दो पालियों में संचालित होगा कंट्रोल रूम*
आयुक्त ने बताया कि विष्णुपद संवास सदन में दो पालियों में कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा। यहां पितृपक्ष मेला से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराया जाएगा। श्रद्धालु किसी भी प्रकार की आवश्यक जानकारी अथवा सहायता के लिए कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे।
इसके साथ ही खोया-पाया सेल भी संचालित किया जाएगा, ताकि मेला के दौरान परिजनों से बिछड़ने अथवा सामान खोने की स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
दिव्यांगजन तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम में व्हीलचेयर की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर दिव्यांग तीर्थयात्री कंट्रोल रूम से व्हीलचेयर प्राप्त कर सहायता ले सकेंगे।

*देवघाट पर स्थायी पंडाल से हजारों तीर्थयात्रियों को मिलेगी सुविधा*
आयुक्त ने देवघाट का निरीक्षण करते हुए बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए देवघाट पर स्थायी पंडाल का निर्माण कराया जा चुका है। यह पंडाल काफी बड़े आकार का है, जिसमें बड़ी संख्या में तीर्थयात्री एक साथ बैठकर तर्पण एवं अन्य धार्मिक कर्मकांड कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से तीर्थयात्रियों को सुविधा मिलेगी तथा घाट पर भीड़ को व्यवस्थित करने में भी प्रशासन को सहायता मिलेगी।

*भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस*
आयुक्त ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की स्थिति में भीड़ को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समन्वित रूप से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं मेला क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि मेला की जो भी तैयारियां अभी शेष हैं, उन्हें तेजी से पूर्ण कराया जा रहा है। सभी पदाधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से समझते हुए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों में भी पितृपक्ष मेला को लेकर काफी उत्साह है।
उन्होंने गया जिलेवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों के सहयोग से पितृपक्ष मेला 2026 को बेहतर, सुव्यवस्थित एवं भव्य तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

*‘पेंट द सिटी’ के तहत बच्चों की आकर्षक वॉल पेंटिंग का किया निरीक्षण*
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने घाटों पर ‘पेंट द सिटी’ प्रतियोगिता के तहत गया शहर के बच्चों द्वारा बनाई जा रही आकर्षक वॉल पेंटिंग का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया एवं उत्साहवर्धन किया।
वॉल पेंटिंग के माध्यम से पितृपक्ष की महत्ता, पिंडदान की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा, प्रभु श्रीराम सहित अन्य राजाओं द्वारा पूर्व में किए गए पिंडदान से संबंधित प्रसंगों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है।
आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से मेला क्षेत्र को आकर्षक एवं जीवंत स्वरूप मिलेगा तथा गया जी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सकेगा।
*नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं ब्रांडिंग पर विशेष कार्य*
आयुक्त ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा पितृपक्ष मेला को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ मेला क्षेत्र की व्यापक स्तर पर ब्रांडिंग एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी शेष तैयारियों को तेजी से पूरा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री को गया जी में बेहतर सुविधा एवं सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त गया नगर निगम, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक नगर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

वासेपुर में दिनदहाड़े गैंगवार! फहीम खान के भाई शानू पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 8 राउंड गोलियां चलीं, 3 घायल – प्रिंस खान गैंग पर शक
Dhanbad21 Sep

वासेपुर में दिनदहाड़े गैंगवार! फहीम खान के भाई शानू पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 8 राउंड गोलियां चलीं, 3 घायल – प्रिंस खान गैंग पर शक

वासेपुर में दिनदहाड़े गैंगवार! फहीम खान के भाई शानू पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 8 राउंड गोलियां चलीं, 3 घायल…

पूरी खबर पढ़ें →
राम नगर में चार दिनों से जारी सब्जी विक्रेताओं का धरना समाप्त, सुनील कुमार के आश्वासन पर माना व्यापारी वर्ग
Pashchim Champaran21 Sep

राम नगर में चार दिनों से जारी सब्जी विक्रेताओं का धरना समाप्त, सुनील कुमार के आश्वासन पर माना व्यापारी वर्ग

राम नगर से इस वक्त की बड़ी खबर! पिछले चार दिनों से अपनी रोजी-रोटी और अस्थाई दुकान की…

पूरी खबर पढ़ें →
राम नगर में चार दिनों से जारी सब्जी विक्रेताओं का धरना समाप्त, सुनील कुमार के आश्वासन पर माना व्यापारी वर्ग
Pashchim Champaran21 Sep

राम नगर में चार दिनों से जारी सब्जी विक्रेताओं का धरना समाप्त, सुनील कुमार के आश्वासन पर माना व्यापारी वर्ग

राम नगर से इस वक्त की बड़ी खबर! पिछले चार दिनों से अपनी रोजी-रोटी और अस्थाई दुकान की…

पूरी खबर पढ़ें →
राम नगर में चार दिनों से जारी सब्जी विक्रेताओं का धरना समाप्त, सुनील कुमार के आश्वासन पर माना व्यापारी वर्ग
Pashchim Champaran21 Sep

राम नगर में चार दिनों से जारी सब्जी विक्रेताओं का धरना समाप्त, सुनील कुमार के आश्वासन पर माना व्यापारी वर्ग

राम नगर से इस वक्त की बड़ी खबर! पिछले चार दिनों से अपनी रोजी-रोटी और अस्थाई दुकान की…

पूरी खबर पढ़ें →
सरसींवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ट्रक लूट का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार
Sarangarh-Bilaigarh21 Sep

सरसींवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ट्रक लूट का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

चार बाइक, मोबाइल, गैस चूल्हा और कोल्ड्रिंक की पेटियां बरामद; एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया…

पूरी खबर पढ़ें →
Vande Bharat Live TV NewsVande Bharat Live TV News
Azamgarh21 Sep

आजमगढ़चैन स्नैचिंग में सरायमीर पुलिस ने एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार

आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर बाजार में अस्पताल के पास से 9 सितंबर को एक महिला से…

पूरी खबर पढ़ें →
error: Content is protected !!