खेत में सांप के काटने से किसान की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप – “इमरजेंसी में नहीं था एक भी डॉक्टर “

गडचिरौली से वंदे भारत LIVE TV NEWS के लिए ब्यूरो चीफ समीर वानखेड़े की रिपोर्ट*
गडचिरौली जिला अस्पताल की इमरजेंसी स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खेत में कीटनाशक छिड़काव के दौरान सांप के डसने से घायल 55 वर्षीय किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जब शाम को अचानक तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल में एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं था।
*क्या है पूरा मामला?*
मृतक किसान का नाम वासुदेव महारू गव्हारे (55) है, जो चामोर्शी तहसील के मकेपल्ली गांव के रहने वाले थे। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वे खेत में फवारणी कर रहे थे, तभी जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। परिजन रवि सोनटक्के और गजानन नैताम उन्हें तुरंत गडचिरौली के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में भर्ती करने के बाद उनका इलाज शुरू हुआ। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया कि सभी रिपोर्ट सामान्य हैं, हालांकि पैर में काफी सूजन थी। मंगलवार सुबह भी अस्पताल स्टाफ ने कहा कि स्थिति स्थिर है। लेकिन शाम को जब परिजन खाने का टिफिन लेने बाहर गए तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों का आरोप है कि उस नाजुक समय पर वार्ड में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और समय पर इलाज नहीं मिलने से उनकी मौत हो गई।
*जिला अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल*
इस घटना ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था की पोल खोल दी है। गंभीर मरीज की लगातार निगरानी और जरूरत पड़ने पर तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर का मिलना जरूरी होता है। लेकिन अगर अस्पताल में डॉक्टर ही न मिलें तो दूर-दराज के आदिवासी इलाकों से आए मरीज आखिर कहां जाएं?
पिछले कुछ समय से जिला अस्पताल में स्टाफ की कमी, डॉक्टरों की अनुपस्थिति और बदहाल व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं। अस्पताल परिसर में भले ही बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी दिखते हों, लेकिन मरीजों के लिए डॉक्टर क्यों नहीं मिलते, यह बड़ा सवाल है।
*प्रशासन का पक्ष*
वहीं इस पूरे मामले पर जिला सर्जन डॉ. वर्षा लहाडे ने लापरवाही से इनकार किया है। उन्होंने कहा, "संबंधित मरीज का पहले दिन से ही इलाज किया गया था। डॉक्टर उपलब्ध थे। लेकिन दूसरे दिन अचानक दिल की धड़कन बंद होने से उनकी मृत्यु हो गई। इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है।"
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







