धनबाद दौरे पर केंद्रीय औधोगिक सुरक्षा बल महानिदेशक, जवानों के साथ संवाद और सुरक्षा पर मंथन

धनबाद, 18 सितंबर 2026: श्री प्रवीर रंजन, IPS, महानिदेशक, केंद्रीय औधोगिक सुरक्षा बल द्वारा 17 सितंबर 2026 को केंद्रीय औधोगिक सुरक्षा बल इकाई बीसीसीएल धनबाद का दौरा किया गया। उनके साथ विनिता ठाकुर, IPS, ADG/NORTH, श्री प्रबोध चंद्र महानिरीक्षक, (पूर्वी खण्ड), श्री शिव कुमार मोहंका IG, (NES-II) सहित बल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान महानिदेशक महोदय ने 'जीरो कोल लीकेज के लक्ष्य को प्रभावी रूप से साकार करने तथा अवैध कोयला तस्करी एवं चोरी पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए सभी बल सदस्यों से संकल्पबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने इस दिशा में भविष्य में और कड़े एवं प्रभावी कदम उठाने के साथ-साथ सिस्टर एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया।
महानिदेशक महोदय ने कोयला चोरी एवं तस्करी की घटनाओं की रोकथाम के लिए आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग तथा छापेमारी के दौरान पकड़े गए आरोपियों एवं वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए मामलों को न्यायालय के माध्यम से तार्किक निष्कर्ष तक पहुँचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बल सदस्यों द्वारा प्रबंधन के कर्मचारियों के लिए भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि वे पूर्ण निष्ठा, मनोबल एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
महानिदेशक महोदय ने Community Awareness Programme को और अधिक व्यापक बनाने तथा कोयला चोरी रोकने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
पिछले दो माह के दौरान 1022 रेड, 2655.82 टन कोयला बरामदगी तथा 74 (60 मोटरसाइकिल, 02 टोटो/टेम्पो, 12 साइकिल) वाहनों की जब्ती बल सदस्यों की अपने कर्तव्यों के प्रति दृढ़ निष्ठा एवं सतत प्रयासों को दर्शाती है, जिसमें सतत नेतृत्व का विशेष योगदान है। उन्होंने भविष्य में इन प्रयासों को और अधिक गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से जारी रखने पर जोर दिया।
महानिदेशक महोदय ने महिला बल सदस्यों के योगदान की भी विशेष रूप से सराहना की तथा कहा कि कोयला चोरी एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में इकाई की नफरी को और बढ़ाया जाएगा। इसका उद्देश्य 'जीरो कोल लीकेज पॉलिसी' के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्णतः प्राप्त करना है।
इस अवसर पर महानिदेशक महोदय ने सभी बल सदस्यों को सरकार की 'जीरो कोल लीकेज पॉलिसी' को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही, पिछले लगभग तीन माह के दौरान कोयला चोरी एवं तस्करी की रोकथाम के लिए के औसुब द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सतत एवं समन्वित प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







