खाचरौद में धर्म-संस्कारों की गूंज, 45 आगम एकासन तप का भव्य पारणोत्सव तपस्वियों का हुआ बहुमान; भगवान के रथ दर्शन के लिए उमड़ा धर्मप्रेमी समाज

खाचरौद। सूरि राज 45 आगम एकासन तप पारणोत्सव के अवसर पर रविवार को खाचरौद नगरी धर्म, तप, त्याग और संस्कारों के मंगल संदेश से गुंजायमान रही। गुरूराज जन्म द्विशताब्दी “सुयं मे” वर्षावासोत्सव-3 चातुर्मास के अंतर्गत आयोजित इस भव्य धार्मिक समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। समुदायवर्ती साध्वी श्री शाश्वतप्रिया श्रीजी म.सा. आदि ठाणा-4 की निश्रा में आयोजित कार्यक्रम में 45 आगम एकासन तपस्वियों की कठिन साधना की अनुमोदना की गई।
नन्हे संघपतियों की यात्रा ने मोहा मन
समारोह का प्रमुख आकर्षण नन्हे बच्चों की संघ यात्रा रही।
पारंपरिक धार्मिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने बाल संघपति के रूप में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। राजेंद्र सूरि पौषधशाला से नाकोड़ा पार्श्वनाथ मंदिर तक निकली इस यात्रा में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। मासूम मुस्कान, अनुशासन और धार्मिक भाव से सजे नन्हे संघपतियों ने उपस्थित समाजजनों का मन मोह लिया।
यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन का हिस्सा नहीं रही, बल्कि नई पीढ़ी को धर्म, संस्कार और परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी संदेश भी दे गई।
45 तपस्वियों का हुआ भव्य बहुमान
नाकोड़ा पार्श्वनाथ मंदिर के सामने नागदा रोड स्थित शिवानी गार्डन में 45 आगम एकासन तपस्वियों का बहुमान किया गया। तपस्वियों की कठिन साधना, त्याग और संयम की समाजजनों ने भावपूर्वक अनुमोदना की। बहुमान के दौरान पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्तिभाव से भर गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महेश्वरी भवन में आयोजित नवकारसी से हुई, जिसके लाभार्थी माणकलालजी उल्लासजी गांग परिवार रहे। इसके बाद संघ यात्रा निकाली गई। शिवानी गार्डन में तपस्वियों के बहुमान के पश्चात स्वामीवात्सल्य का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी समाजजन शामिल हुए।
धार्मिक आयोजन में कई गणमान्य हुए शामिल
समारोह में विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंदजी भरावा, अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय पर्यावरण मंत्री अनिलजी दसेड़ा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ब्रजेशजी बोहरा, अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन महिला परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमाबेन मांगीलालजी गांधी मुथा, राष्ट्रीय महामंत्री संगीता जी पोरवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निशाजी वनवट, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकजजी डूंगरवाल, प्रांतीय सचिव संजयजी कोठारी, स्थानीय परिषद अध्यक्ष पंकज चौहान, श्रीसंघ अध्यक्ष माणकलालजी नान्देचा सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन मौजूद रहे।
रथ यात्रा और धार्मिक लाभार्थियों का रहा विशेष योगदान
आकर्षक रथ यात्रा में प्रभुजी को विराजमान करने का लाभ रत्नचंदजी राजल बाई परिवार एवं राजेंद्र कुमार-भूपेंद्र कुमार लुणावत परिवार ने लिया। गुरुदेव को बग्गी में विराजमान करने का लाभ मोवनबाई फतेहचन्द्रजी नांदेचा परिवार ने प्राप्त किया।
बाल संघपतियों के तिलक, साफा, पाद पक्षालन एवं उपहार द्वारा बहुमान सहित तपस्वियों के माला-तिलक और उपहार द्वारा बहुमान के विभिन्न धार्मिक लाभ भी समाज के अलग-अलग परिवारों ने प्राप्त किए।
धर्म, तप और संस्कारों का बना संगम
पूरे आयोजन में तपस्वियों की साधना ने त्याग और संयम का संदेश दिया, वहीं नन्हे संघपतियों की सहभागिता ने बाल संस्कारों और धार्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भाव प्रस्तुत किया। संगीत प्रवाक अभिषेक जैन (नागदा) की भक्तिमय प्रस्तुति ने समारोह के वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
आयोजन श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ खाचरौद एवं “सुयं मे” वर्षावासोत्सव-3 चातुर्मास समिति 2026, खाचरौद के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







