न्यायालय परिसर में मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
महराजगंज। जिला न्यायालय परिसर में पारिवारिक विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को न्यायालय परिसर में पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली थी।
जांच में सामने आया कि प्रिया त्रिपाठी और उनके पति मनीष मिश्रा के बीच परिवार न्यायालय में भरण-पोषण से संबंधित वाद विचाराधीन है। मामले की पेशी के दौरान प्रिया त्रिपाठी अपने पिता और बहन के साथ न्यायालय परिसर में मौजूद थीं।
आरोप है कि इसी दौरान पूर्व विवाद को लेकर मनीष मिश्रा और उनके भाई प्रिंस मिश्रा ने उनके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वादिनी की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली महराजगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष मिश्रा और प्रिंस मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद न्यायालय परिसर में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।