उदयपुर में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार, SOG के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिटेन

उदयपुर : ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो इंटेलीजेंस यूनिट, उदयपुर द्वारा आज कार्यवाही करते हुए दलाल सज्जन सिंह को 2,00,00,000 रुपये (दो करोड़ रुपये) की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
उक्त राशि में 4,00,000 रुपये भारतीय चलन मुद्रा तथा 1,96,00,000 रुपये डमी नोट (चिल्ड्रन नोट) शामिल हैं। साथ ही, मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एस.ओ.जी., उदयपुर को उनके निवास स्थल जिला बालोतरा से डिटेन किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. इंटेलीजेंस यूनिट, उदयपुर को एक शिकायत प्राप्त हुई।
शिकायत में बताया गया कि उदयपुर नगर निगम के 272 भूखण्ड के बहुचर्चित प्रकरण संख्या 97/2022 में पूर्व में गिरफ्तार आरोपीगण को दर्ज मुकदमों में राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने तथा गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के घर से बरामद ऐसे दस्तावेज, जिन्हें जब्त नहीं किया गया था, वापस लौटाने की एवज में 2 करोड़ रुपये की रिश्वत राशि सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला, दलाल के माध्यम से श्री मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा मांगी जा रही थी। शिकायत के संबंध में रिश्वत राशि की मांग का सत्यापन किया गया, जिसमें वार्ता के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई।
सत्यापन के पश्चात आज दिनांक 26.09.2026 को ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को परिवादी की फैक्ट्री से 2 करोड़ रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। बरामद राशि में 4 लाख रुपये भारतीय चलन मुद्रा तथा 1.96 करोड़ रुपये डमी नोट शामिल हैं।
वहीं, मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एस.ओ.जी., उदयपुर की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें उनके निवास स्थल जिला बालोतरा से डिटेन किया गया। उनसे आवश्यक पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।
डॉ. रामेश्वर सिंह, उपमहानिरीक्षक पुलिस, ए.सी.बी.
के सुपरविजिन एवं गोपालस्वरूप मेवाड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त प्रभार ब्यूरो चौकी इंटे., उदयपुर के निर्देशन में ए.सी.बी. इंटेलीजेंस यूनिट, उदयपुर की पुलिस उप अधीक्षक डॉ.
सोनू शेखावत के नेतृत्व में टीम द्वारा कार्यवाही को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपी सज्जन सिंह जैन से पूछताछ तथा संदिग्ध मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एस.ओ.जी.
उदयपुर के संबंध में अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में धारा 7, 7ए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (यथा संशोधित 1988) एवं धारा 61(2) बी.एन.एस.
2023 के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा। किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण ( अभियोग, प्राथमिक जांच, आदि) दर्ज होने पर , ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है।
प्रस्तुत स्पष्टीकरण के ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण के उपरांत ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्य प्रणाली का हिस्सा है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







