Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Sarangarh-Bilaigarh

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नाव से किया जलमग्न गाँवों का दौरा, बाढ़ राहत शिविर में ग्रामीणों से की मुलाक़ात

28 Sep 2026, 03:00 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नाव से किया जलमग्न गाँवों का दौरा, बाढ़ राहत शिविर में ग्रामीणों से की मुलाक़ात - सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़

: बोरिदा से नाव के जरिए ठेंगागुड़ी पहुंचे, तोरा में लिया स्थिति का जायजा – जिला प्रशासन का बचाव अमला अलर्ट

प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी आज सुबह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर रहे। उन्होंने महानदी तटवर्ती सरिया तहसील के जलमग्न गांवों का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।

मंत्री श्री चौधरी ने दौरे की शुरुआत सरिया स्थित कन्या शाला में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर से की। यहां उन्होंने राहत शिविर में ठहरे ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष आवास, भोजन और अन्य आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। श्री चौधरी ने बाढ़ की वर्तमान स्थिति और प्रशासन द्वारा की जा रही राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

राहत शिविर के बाद मंत्री श्री चौधरी ग्राम बोरिदा पहुंचे। बोरिदा से वे राहत एवं बचाव दल के साथ नाव में सवार होकर पूरी तरह जलमग्न हुए ग्राम ठेंगागुड़ी पहुंचे। ठेंगागुड़ी में उन्होंने बाढ़ में फंसे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। इसके पश्चात वे ग्राम तोरा भी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन में एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और कोटवार सहित पूरा मैदानी अमला गांव-गांव में निगरानी कर रहा है।

प्रभावित ग्रामीणों को राहत शिविरों, शासकीय चौपालों और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जहां भोजन, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एसडीआरएफ और नगर सेना की टीमें तैनात हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग का अमला भी सक्रिय है। प्रशासन द्वारा महानदी के जलस्तर और जलभराव वाले मार्गों की सतत निगरानी की जा रही है।

मंत्री श्री चौधरी के दौरे के दौरान जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और उन्हें प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया।

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

error: Content is protected !!