चौकाबाग में शराब दुकान के सामने युवक की पीट-पीटकर हत्या। मारपीट में गंभीर घायल भूपेंद्र अहिरवार ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा।

चौकाबाग में शराब दुकान के सामने युवक की पीट-पीटकर हत्या।
मारपीट में गंभीर घायल भूपेंद्र अहिरवार ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा।
चार नामजद समेत अन्य पर मुकदमा, एक आरोपी हिरासत में, तीन टीमें तलाश में जुटीं।
ललितपुर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के चौकाबाग स्थित शराब की दुकान के सामने सोमवार रात हुई मारपीट की वारदात में गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना 28 सितंबर 2026 की रात करीब 9 से 9.24 बजे के बीच चौकाबाग स्थित शराब की दुकान के सामने हुई। यहां किसी बात को लेकर मारपीट की घटना हुई, जिसमें भूपेंद्र अहिरवार उर्फ छोटू पुत्र लक्ष्मी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पीआरवी-5807 तत्काल मौके पर पहुंची और घायल भूपेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ग्राम मसौरा कला निवासी लक्ष्मी प्रसाद थाना की तहरीर के आधार पर कोतवाली में पुलिस ने मामले में मोहल्ला चौकाबाग निवासी करन कुशवाहा पुत्र ताराचंद कुशवाहा, ग्राम रघुनाथपुरा निवासी अजय अहिरवार पुत्र राधेश्याम/राधेशलाल, रूपेश साहू तथा पुण्य प्रताप सिंह, दोनों के पते नामालूम, समेत अन्य साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 61(2) एवं 103(1) तथा एससीएसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में पुण्य प्रताप नामक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों, थाना पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान व भूमिका स्पष्ट की जा रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







