श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने दिखाई ताकत, क्षत्रिय गौरव एवं स्वाभिमान महासम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

भीलवाड़ा। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश महासचिव श्री महिपाल सिंह केलवाद ने बताया कि जिला अध्यक्ष धनराज सिंह पुरावत के नेतृत्व में क्षत्रिय गौरव एवं स्वाभिमान महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाजबंधुओं एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर समाज की एकजुटता और शक्ति का परिचय दिया।
महासम्मेलन में श्री शीला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी, श्री योगेंद्र सिंह कटार एवं श्री अभयराज सिंह गोगामेड़ी प्रमुख अतिथि के रूप में मौजूद रहे। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री रामलाल जाट एवं कुंभा ट्रस्ट अध्यक्ष श्री हेमेन्द्र सिंह डावला सहित अन्य गणमान्यजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
महासम्मेलन के साथ नवनिर्वाचित मेयर जसवंत कंवर के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का भी आयोजन किया गया। साथ ही नवनिर्वाचित पार्षदों का भी सम्मान किया गया।
करणी सेना कार्यालय से रवाना हुई विशाल वाहन रैली
महासम्मेलन के तहत विशाल वाहन रैली करणी सेना कार्यालय से रवाना हुई। रैली में बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं युवा शामिल हुए। रैली पालस चौराहे पहुंची, जहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इसके बाद रैली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पहुंची, जहां माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात रैली गोल प्याऊ चौराहा होते हुए सूचना केंद्र चौराहा, नगर निगम कार्यालय के बाहर से गुजरती हुई कुंभा छात्रावास पहुंची। पूरे मार्ग में समाजबंधुओं एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
करीब 100 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कुंभा छात्रावास में आयोजित मुख्य समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब 100 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मेयर जसवंत कंवर एवं पार्षदों का अभिनंदन
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित मेयर जसवंत कंवर का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही नवनिर्वाचित पार्षदों का भी सम्मान किया गया। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, सामाजिक स्वाभिमान, शिक्षा और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
विशाल वाहन रैली, हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन के साथ आयोजित यह महासम्मेलन श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में सामने आया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज की एकता, गौरव और स्वाभिमान का संदेश दिया गया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






