पूर्वांचल जोन की क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सोनांचल इंटर कॉलेज का दबदबा

ओवरऑल चैंपियनशिप पर जमाया कब्जा, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज द्वितीय व पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तृतीय स्थान पर
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_पूर्वांचल जोन की दो दिवसीय क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 में खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से खेल मैदान में प्रतिभा और दमखम का लोहा मनवाया। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी एवं पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में करीब 14 विद्यालयों के उपकनिष्ठ, कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
समस्त वर्गों के संयुक्त प्रदर्शन में सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी ने द्वितीय तथा पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालयवार प्रदर्शन में सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी ने 18 प्रथम, 22 द्वितीय और 21 तृतीय स्थान प्राप्त किए। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी ने 18 प्रथम, 9 द्वितीय और 9 तृतीय, जबकि पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी ने 8 प्रथम, 3 द्वितीय और 5 तृतीय स्थान हासिल किए।
माही, हुस्नआरा, अंशु, उमेश व प्रेम कुमार व्यक्तिगत चैंपियन
वरिष्ठ बालिका वर्ग में माही पुत्री राजदेव ने 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की। हुस्नआरा पुत्री शमीम अंसारी ने 800, 1500 मीटर एवं त्रिकूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
उपकनिष्ठ बालक वर्ग में आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के अंशु पुत्र गौरीशंकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200, 400 एवं 600 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की। वरिष्ठ बालक वर्ग में उमेश कुमार ने 100, 200 मीटर एवं लंबी कूद तथा प्रेम कुमार ने 400, 5000 मीटर एवं त्रिकूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियन का गौरव हासिल किया। वहीं आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली के देवपुरोहित ने 200 एवं 400 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से किया।
निर्णायकों व शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका रही महत्वपूर्ण
प्रतियोगिता को सफल, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में निर्णायकों के साथ मेजबान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। दौड़ निर्णायक के रूप में डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया, नंदकिशोर कन्नौजिया एवं रीता यादव सहित अन्य निर्णायकों ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। मेजबान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी प्रतियोगिता की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
अभिलेख व्यवस्था में डॉ. अनिल कुमार प्रजापति, धनंजय कुमार, चंद्रप्रकाश, संजय कुमार एवं डॉ. अमर सिंह का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन डॉ. अमर सिंह ने किया।
समापन समारोह में नगर पंचायत दुद्धी के अध्यक्ष मुख्य अतिथि रहे, जबकि विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, आयोजन समिति एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार जताया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के सफल समापन के साथ खेल मैदान में अनुशासन, खेल भावना, संघर्ष और प्रतिस्पर्धा का शानदार संगम देखने को मिला। विजेता विद्यालयों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





