मारवाड़ समारोह–2026 का आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

जोधपुर : जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में 24 एवं 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मारवाड़ समारोह–2026 की तैयारियों को लेकर अटल सेवा केन्द्र, जोधपुर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (द्वितीय) रामकिशोर मीणा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में समारोह के विभिन्न कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मारवाड़ समारोह का शुभारंभ 24 अक्टूबर को प्रातः 6:15 बजे मेहरानगढ़ फोर्ट में सूर्य आराधना के साथ होगा। इसके पश्चात प्रातः 7 बजे मेहरानगढ़ फोर्ट से घंटाघर तक हेरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी।
इस दौरान प्रतिभागी शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों से होते हुए घंटाघर पहुंचेंगे। प्रातः 8 बजे घंटाघर से शोभायात्रा रवाना होकर नई सड़क होते हुए राजकीय उम्मेद स्टेडियम पहुंचेगी।
शोभायात्रा में बीएसएफ के सजे-धजे ऊंट, घोड़े, ऊंटगाड़ियां, तांगे-बग्घियां, लोक कलाकार एवं स्कूली बच्चे आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। राजकीय उम्मेद स्टेडियम में प्रातः 8:30 बजे से समारोह की प्रमुख पारंपरिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इनमें मारवाड़ श्री, मिस मारवाड़, मूंछ प्रतियोगिता, साफा बांध प्रतियोगिता, रस्साकस्सी एवं मटका दौड़ शामिल हैं। इसके साथ ही स्टेडियम में पतंगबाजी एवं पतंग प्रदर्शनी, लाइव पेंटिंग तथा हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, समारोह के प्रथम दिवस की शाम सम्राट अशोक उद्यान के एम्फीथिएटर में सायं 7:30 से 9:30 बजे तक राजस्थानी लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंग
समारोह के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को ओसियां में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इनमें दोपहर 3 बजे से ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं, पतंगबाजी एवं पतंग प्रदर्शनी तथा सायं 4 बजे से फूड एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी और कैमल सफारी प्रमुख आकर्षण रहेंगे। सायं 7 से 9 बजे तक सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी तथा समारोह के समापन अवसर पर आतिशबाजी की जाएगी।
बैठक में मारवाड़ समारोह को देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से होटल, ट्रैवल एजेंसियों, टूर ऑपरेटर्स एवं पेइंग गेस्ट हाउस संचालकों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पर्यटकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। मारवाड़ श्री एवं मिस मारवाड़ सहित समारोह की अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 8 से 16 अक्टूबर, 2026 तक पर्यटन विभाग के कार्यालय से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग ने आमजन, युवाओं, कलाकारों तथा देशी-विदेशी पर्यटकों से मारवाड़ समारोह–2026 में अधिकाधिक सहभागिता कर मारवाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला, परंपराओं एवं विरासत का उत्सव मनाने का आह्वान किया है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






