#बयाना : नगला भांड के पास तेज रफ्तार पिकअप ने कार को मारी टक्कर, महिला सहित चालक गंभीर घायल
बयाना(भरतपुर)। बयाना-भरतपुर मार्ग पर नगला भांड गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार महिला श्वेता और चालक सतीश जाट गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पिकअप सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर बयाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को बयाना अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भरतपुर रेफर कर दिया गया।
डी-फार्मा की परीक्षा देकर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार घायल श्वेता हिंडौन सिटी के निर्मल कॉलेज से डी-फार्मा की परीक्षा देकर भरतपुर लौट रही थी। श्वेता भरतपुर की सुभाष नगर कॉलोनी की निवासी बताई जा रही है। वहीं कार चालक सतीश जाट अवार गांव का निवासी बताया गया है। घायल महिला के पति भरतपुर शहर में वैभव होटल के संचालक बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद पिकअप चालक फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क किनारे करवाया और मार्ग पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Bharatpur Police District Collector & Magistrate – Bharatpur