भूपेंद्र अहिरवार हत्याकांड में 25 हजार का इनामी करण कुशवाहा मुठभेड़ में गिरफ्तार।

भूपेंद्र अहिरवार हत्याकांड में 25 हजार का इनामी करण कुशवाहा मुठभेड़ में गिरफ्तार। बी फार्मा छात्र भूपेंद्र अहिरवार हत्याकांड में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त करण कुशवाहा को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में करण के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, 650 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
एएसपी कालू सिंह और सीओ सदर अजय कुमार के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस वांछित अभियुक्त की तलाश कर रही थी। भूपेंद्र अहिरवार की हत्या के मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
इन टीमों ने कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रोड़ा के पास नेशनल हाईवे-44 पर अरोड़ा रेलवे ओवरब्रिज से न्यू ललितपुर टाउनशिप रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर छोटी नहर की पटरी के निकट करण कुशवाहा को मुठभेड़ के दौरान घेर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
भूपेंद्र अहिरवार की हत्या के मामले में वादी की तहरीर के आधार पर 29 सितंबर 2026 को कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 1022/2026 दर्ज किया गया था। इसमें बीएनएस की धाराओं 191(2), 191(3), 61(2) और 103(1) तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(वी) के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
करण कुशवाहा इस मामले में नामजद वांछित अभियुक्त था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि इसी मुकदमे में पूर्व में तीन अन्य वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।
करण की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिव मंदिर के पास चौकाबाग निवासी करण कुशवाहा पुत्र स्व.ताराचंद कुशवाहा के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस 315 बोर के साथ 650 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। करण कुशवाहा के विरुद्ध कोतवाली और नाराहट थानों में वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं।
इनमें मारपीट, धमकी, चोरी, चोरी का माल रखने, आम्र्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडागर्दी नियंत्रण अधिनियम तथा अन्य आरोपों से संबंधित मामले शामिल हैं। उसके विरुद्ध हत्या के वर्तमान मामले में भी कार्रवाई की जा रही है।
इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी पुलिस बल के साथ शामिल रहे। गिरफ्तार अभियुक्त को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजने के बाद बरामद असलहे और कारतूस के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




