जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने क्राफ्ट बाजार का किया अवलोकन, शिल्पकारों से किया संवाद

जोधपुर : स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करने तथा शिल्पकारों को विपणन के नए अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र तथा उद्यम प्रोत्साहन संस्थान, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में पाली रोड स्थित अर्बन हाट में आयोजित ‘दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार’ एवं ‘पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत ओडीओपी प्रदर्शनी’ का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा, लघु उद्योग भारती के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में घूमर एवं चरी नृत्य तथा कच्ची घोड़ी की आकर्षक प्रस्तुतियों ने राजस्थानी लोकसंस्कृति की जीवंत छटा बिखेरी। जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार एवं पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत स्थापित ओडीओपी पवेलियन का अवलोकन किया।
उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन कर शिल्पकारों से संवाद किया तथा उनकी कला, कौशल एवं रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को अधिकाधिक पहचान मिले तथा उनके लिए विपणन के नए अवसर सृजित हो सकें।
पवेलियन में जोधपुर के प्रमुख ओडीओपी उत्पाद लकड़ी के हस्तनिर्मित फर्नीचर सहित सालावास की दरियां, आरी-तारी एवं जरी कला, चित्रकला तथा क्षेत्र की विविध पारंपरिक शिल्पकलाओं से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं । जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा ने भी मेले एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उन्होंने शिल्पकारों से संवाद कर उनकी पारंपरिक कारीगरी एवं उत्कृष्ट शिल्पकला की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्राप्त जोधपुर के शिल्पकारों को उनकी विशिष्ट कला एवं हस्तशिल्प के लिए सम्मानित किया।
संयुक्त आयुक्त, उद्योग एवं वाणिज्य तथा महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र श्रीमती पूजा मेहरा ने बताया कि नवरात्र एवं दीपावली के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी में हस्तशिल्पियों तथा स्वयं सहायता समूहों की इकाइयों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए मंच उपलब्ध कराया गया है। जोधपुर का वुडन हैंडीक्राफ्ट फर्नीचर वैश्विक स्तर पर शहर की विशिष्ट पहचान है।
पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत ओडीओपी प्रदर्शनी इस पहचान को और व्यापक बनाने तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रदर्शनी में लकड़ी के फर्नीचर, लाख की चूड़ियां, कोटा डोरिया के परिधान, रेशम की साड़ियां, वुडन एवं मेटल हैंडीक्राफ्ट, बंधेज, आरी-तारी, जूट बैग, पॉटरी, बुटीक उत्पाद, पेंटिंग, गारमेंट, मैट, पर्दे, खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पाद, दरियां तथा हस्तनिर्मित मसाले, पापड़, अचार एवं अन्य खाद्य सामग्री की स्टॉल्स लगाई गई हैं।
हाट परिसर के म्यूजियम हॉल में लकड़ी के फर्नीचर, वुडन हैंडीक्राफ्ट, विंटेज क्लॉक, बोन हैंडीक्राफ्ट, इनले वर्क, गोल्ड एम्बॉस वर्क तथा जसवंत थड़ा एवं एक थंबा महल के ऊंट की हड्डी से निर्मित बारीक कारीगरी वाले मॉडल भी आमजन के अवलोकनार्थ प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी में पारंपरिक शिल्पकला की बारीकियों से आमजन को रूबरू कराने के लिए जीवंत प्रदर्शन की व्यवस्था की गई है।
इसमें सालावास के वरिष्ठ कारीगर श्री गनी मोहम्मद द्वारा लूम पर सूती दरी बनाने, श्रीमती वर्षा माली द्वारा चाक पर मिट्टी के उत्पाद तैयार करने तथा गडसुरिया के श्री रामरख जाट द्वारा लकड़ी एवं लोहे के फर्नीचर पर सूती रस्सी से बुनाई करने की कला का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके साथ ही आरी-तारी एवं पेपर मेशी उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया जा रहा है।
मेले में हस्तशिल्प उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के साथ आमजन के लिए फूड कोर्ट की व्यवस्था की गई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से आयोजन को आकर्षक बनाया जा रहा है।
प्रदर्शनी में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के साथ राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर, नागौर, बाड़मेर, पाली तथा जोधपुर के स्थानीय कारीगर भागीदारी कर रहे हैं। कार्यक्रम में महावीर चौपड़ा, पंकज भंडारी, सुरेश कुमार बिश्नोई, बिंदु जैन, राकेश चौरड़िया तथा अशोक गहलोत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के अधिकारी पूनम राठौड़, जीताराम , ओमप्रकाश चौधरी, भवानी सिंह एवं गणेश सागर भी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





