तावडू सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई:-

तावडू सदर थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी : चार दिन बाद अपहृत दो वर्षीय प्रिंस सकुशल बरामद, दंपति गिरफ्तार ।
करीब 60 सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर तक पहुंची नूंह पुलिस ।
नूंह जिले की सदर थाना तावडू पुलिस ने दो वर्षीय मासूम प्रिंस के अपहरण के मामलें में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बच्चे को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामलें में आरोपी बब्लू सिंह और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दंपती ने संतान न होने के कारण बच्चे के अपहरण की योजना बनाई थी। इस मामलें में करीब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पीड़ित अमित कुमार बैरवा निवासी अम्बेडकर नगर रंगाला जिला नूंह ने बताया कि 9 अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे उसका दो वर्षीय बेटा प्रिंस अचानक लापता हो गया । आरोप था कि उनकी ही इमारत में कुछ दिन पहले किराए पर रहने आए एक युवक ने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और वहां से ले गया। संबंधित युवक से पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन उसने दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची गई, जिसमें एक युवक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर बच्चे को बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। मामलें की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 10 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर चार अलग-अलग टीमों का गठन करके जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की । इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में तकनीकी माध्यम से विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान एक मोबाइल से संबंधित जानकारी जुटाई गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी बब्लू सिंह पुत्र जंडल सिंह निवासी शहजादपुर, थाना खुंडागंज जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश तक पहुंची । 15 अक्टूबर को आरोपी बब्लू सिंह को निगोही मोड़ के पास से काबू कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी राजकुमारी को कोई बच्चा नहीं था और दोनों ने बच्चे के अपहरण की योजना बनाई थी।आरोपी अपनी पत्नी के साथ 6 अक्टूबर को किराए का कमरा देखने के बहाने रंगाला आया था। इसके बाद वह पत्नी को बावल (रेवाड़ी) छोड़कर वापस आया और संबंधित इमारत में रहने लगा तथा 9 अक्टूबर को उसने प्रिंस को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पहले बावल पहुंचाया और फिर पत्नी के साथ बच्चे को अपने गांव शहजादपुर, जिला शाहजहांपुर ले गया । आरोपी बब्लू सिंह की निशानदेही और उसके खुलासे के आधार पर उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर अपहृत बच्चे प्रिंस को शाहजहांपुर स्थित आरोपी के घर से सकुशल बरामद किया गया।
डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि पुलिस के लिए यह मामला चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि बच्चा महज दो वर्ष का था और आरोपी उसे हरियाणा से उत्तर प्रदेश ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। करीब चार दिन की कार्रवाई के बाद बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। वहीं परिजनों ने बच्चे की बरामदगी के लिए नूंह पुलिस की मेहनत और कार्रवाई पर आभार जताया। उप-पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से भी अपील की है की किराएदारों का चरित्र सत्यापन कराने के बाद ही उन्हें किराएदार के रूप में रखें ।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







