दीपाली स्कूल में एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर,

दीपालया स्कूल घुसबेठी में एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर, हरियाणा के चार जिलों की 600 छात्राओं ने लिया हिस्सा
तावडू। दीपालया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घुसबेठी में 2 से 11 अक्टूबर तक राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीस का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-173 आयोजित किया गया। दस दिवसीय इस शिविर में हरियाणा के चार जिलों के 16 स्कूलों और कॉलेजों की लगभग 600 छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें दीपालया स्कूल की 13 छात्राएं भी शामिल रहीं।
शिविर का आयोजन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हरीश चंद और सूबेदार मेजर जिले सिंह लांबा के नेतृत्व में किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक फिटनेस, सामूहिक कार्य और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। प्रशिक्षण में एनसीसी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने सहयोग दिया। शिविर के दौरान छात्राओं को हथियार संचालन, राइफल फायरिंग, ड्रिल, मानचित्र पढ़ने, कंपास से दिशा पहचानने, मैदानी गतिविधियों और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही शारीरिक व्यायाम, योग, बास्केटबॉल, खो-खो और रिले दौड़ जैसी गतिविधियां भी कराई गईं।
हरियाणा अग्निशमन व आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों ने अग्नि सुरक्षा और बचाव कार्य का विशेष प्रदर्शन किया। लीडिंग फायरमैन युसूफ खान और फायरमैन सुखबीर के नेतृत्व में छात्राओं को अग्निशामक यंत्रों, पानी की पाइपों, दमकल वाहनों और एलपीजी सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।शिविर में मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। ब्रह्मकुमारी संस्था के सत्रों में मानसिक शांति, आत्मविश्वास, तनाव प्रबंधन और नैतिक अनुशासन पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने साइबर धोखाधड़ी, महिलाओं और बच्चों से जुड़े कानूनों, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और राष्ट्रीय नायकों के योगदान पर भी जानकारी दी।रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों ने शिविर को रोचक बनाया। छात्राओं ने ड्रिल मूल्यांकन, बाधा दौड़, पोस्टर और चित्रकला प्रदर्शनी में भाग लिया। शाम के कार्यक्रमों में लोकनृत्य, देशभक्ति गीत और लघु नाटकों की प्रस्तुति दी गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडेट्स को ड्रिल और कमांडो कौशल के लिए सम्मानित किया गया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







