चंद्रपुर में कांग्रेस के वडेट्टीवार-धानोरकर का विवाद खत्म, पहली बार एक मंच पर आए दोनों धुर-विरोधी

समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ वंदे भारत LIVE TV NEWS
चंद्रपुर जिले की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले में कांग्रेस के दो सबसे बड़े ध्रुव माने जाने वाले ज्येष्ठ नेता और विधायक विजय वडेट्टीवार और सांसद प्रतिभा धानोरकर के बीच चल रहा पुराना राजनीतिक विवाद आखिरकार खत्म होता नजर आ रहा है। दोनों नेता लंबे समय बाद पहली बार एक सार्वजनिक मंच पर एक साथ दिखाई दिए।
यह मिलन हुआ चंद्रपुर में सांसद प्रतिभा धानोरकर द्वारा आयोजित भव्य दांडिया महोत्सव के मंच पर, जहां विधायक विजय वडेट्टीवार भी मौजूद रहे। इस एक तस्वीर ने जिले की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।
दो ध्रुवों की लड़ाई से चरम पर पहुंचा था बैर
चंद्रपुर जिले के सियासी इतिहास में वडेट्टीवार और धानोरकर परिवार दो अलग-अलग धड़ों के रूप में जाने जाते रहे हैं। लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव, स्थानीय स्वराज्य संस्था के चुनाव और हाल ही में चंद्रपुर मनपा चुनाव में गटनेते पद को लेकर हुई रस्साकशी ने दोनों के बीच के राजनीतिक वैर को चरम पर पहुंचा दिया था। दोनों खेमों में मान-अपमान की लड़ाई खुलकर सामने आ रही थी।
मुंबई में हुई थी ‘एकजुट होकर लड़ने’ की बात
पिछले महीने मुंबई में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में पार्टी हाईकमान ने सभी नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर ‘एकजुट होकर चुनाव लड़ने’ का संदेश दिया था। उसी एकता के संदेश का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। मुंबई में एकता की बात होने के कुछ ही दिनों बाद चंद्रपुर में दांडिया महोत्सव के मंच पर दोनों नेताओं का एक साथ आना इसी का संकेत माना जा रहा है।
क्या बोले वडेट्टीवार?
इस मुलाकात को लेकर जब मीडिया ने सवाल पूछे, तो सांसद प्रतिभा धानोरकर ने इस पर प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। वहीं, विधायक विजय वडेट्टीवार ने तीखे अंदाज में कहा, “मीडिया को हमारी एकता देखने के बजाय यह देखना चाहिए कि सत्ता में बैठे लोग और खासकर चंद्रपुर में भाजपा के लोग एक साथ रहते हैं क्या?”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले मनपा और जिला परिषद चुनावों से पहले कांग्रेस के इन दो बड़े चेहरों का एक साथ आना पार्टी के लिए संजीवनी का काम कर सकता है और भाजपा के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






