स्वीकृति के 10 महीने बाद भी नहीं बना 35 मीटर खड़ंजा और नाली, उच्चाधिकारियों के आदेश भी बेअसर

सीतापुर: स्वीकृति के 10 महीने बाद भी नहीं बना 35 मीटर खड़ंजा और नाली, उच्चाधिकारियों के आदेश भी बेअसर
एन सी वर्मा,
सीतापुर (उत्तर प्रदेश):
जनपद के विकास खंड महोली अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरिया में विकास कार्यों और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी का एक मामला सामने आया है। दिसंबर 2025 में लगभग ₹63,000 की लागत से स्वीकृत 35 मीटर खड़ंजा मार्ग और नाली का निर्माण कार्य 10 महीने बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है।
पीड़ित ग्रामीण ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी का आरोप
ग्राम उमरिया निवासी अंकित सिंह तोमर का कहना है कि उनके घर तक आवागमन और जल निकासी के लिए स्वीकृत इस मार्ग का निर्माण ग्राम प्रधान श्रीमती अंतिमा सिंह और संबंधित ग्राम पंचायत सचिव द्वारा नहीं कराया जा रहा है।
पीड़ित के मुताबिक, मामले को लेकर एसडीएम महोली और बीडीओ प्रीति तिवारी निर्माण कार्य कराने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन धरातल पर अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है। जांच में सहमति के बावजूद काम ठप
शिकायतकर्ता के अनुसार, अवर अभियंता (JE) मनमोहन ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया था।
जांच के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी थी और किसी भी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया था। पीड़ित का दावा है कि उसके पास इस संदर्भ में हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के तौर पर मौजूद है।
इसके बावजूद कार्य शुरू नहीं कराया गया। तहसील दिवस और शपथपत्र भी बेअसर
पीड़ित अंकित सिंह ने बताया कि वह जिलाधिकारी महोदय के समक्ष दो बार शपथपत्र देकर गुहार लगा चुके हैं।
इसके अतिरिक्त 17 अगस्त 2026 को आयोजित तहसील दिवस में भी मामला दर्ज कराया गया था। बार-बार चक्कर काटने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से परिवार को कीचड़, जलभराव और आवागमन की भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मांग
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल करने, आदेशों की अवहेलना करने वाले जिम्मेदार कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई करने और स्वीकृत मार्ग व नाली का निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण कराने की मांग की है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







