*आगरा – डीआरएम ऑफिस में एओएम की संदिग्ध मौत, कर्मचारियों का हंगामा*

*आगरा – डीआरएम ऑफिस में एओएम की संदिग्ध मौत, कर्मचारियों का हंगामा*
*आगरा, 2 नवंबर 2026
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के आगरा रेल मंडल में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। डीआरएम कार्यालय में तैनात असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर (AOM) अभिषेक कुमार कुशवाहा (30 वर्ष) का शव उनके ही ऑफिस चैंबर में सोफे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) के चलते अभिषेक की ड्यूटी डीआरएम कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। रात करीब 10 बजे तक ड्यूटी करने के बाद वह अपने चैंबर में गए थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर पत्नी ने कंट्रोल रूम को सूचना दी।
रात करीब 10:30 बजे अधिकारी चैंबर में पहुंचे तो अभिषेक सोफे पर बेसुध पड़े मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। उन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चैंबर के बगल वाले कमरे में उल्टी पड़ी मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
*कौन थे अभिषेक कुमार?*
मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले अभिषेक कुमार का करीब 4 महीने पहले ही असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर के पद पर प्रमोशन हुआ था। इससे पहले वह उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सतर्कता विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। वह आगरा कैंट स्थित रेलवे क्वार्टर में मां, पत्नी आस्था रानी और दो मासूम बच्चों के साथ रहते थे।
*परिजनों के गंभीर आरोप*
अभिषेक की पत्नी आस्था रानी और मां सुशीला देवी ने परिचालन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों पर अत्यधिक कार्यभार और मानसिक तनाव का आरोप लगाया है। पत्नी का कहना है कि उनसे अतिरिक्त ड्यूटी कराई जाती थी, जिससे वह मानसिक तनाव में रहते थे।
*कर्मचारियों में भारी गुस्सा, प्रदर्शन*
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी रेलवे अस्पताल के बाहर और डीआरएम ऑफिस के बाहर पहुंच गए और जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
*क्या कह रहा है रेल प्रशासन?*
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना दे दी गई है। डीआरएम गगन गोयल समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रेलवे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
*जांच जारी*
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मौके से सुसाइड नोट मिलने का भी दावा किया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आधिकारिक बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




