बसना धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ किसानों में उत्साह, 15 नवंबर से शुरू हुई क्षेत्र के अन्नदाताओं में खुशी की लहर

रिपोर्टर – हेमन्त तांडी, बसना महासमुंद छत्तीसगढ़
*बसना / महासमुंद।* छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी धान खरीदी योजना के तहत आज 15 नवंबर से बसना धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। खरीदी शुरू होते ही क्षेत्र के किसानों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही किसान अपनी धान की उपज लेकर ट्रैक्टर-ट्रालियों में खरीदी केंद्र पहुंचने लगे थे।
शासन द्वारा किसानों के हित में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके।
*किसानों के लिए की गई पुख्ता व्यवस्था*
बसना धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसानों के बैठने के लिए छायादार व्यवस्था, पेयजल, तौल कांटा, बारदाना और टोकन व्यवस्था सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि किसान अपनी मेहनत से तैयार की गई धान की उपज को सुगमता एवं व्यवस्थित तरीके से बेच सकें।
खरीदी केंद्र शुरू होने से किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें एक ही स्थान पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
*अतिथियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा*
इस शुभारंभ अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश झुग्गी-झोपड़ी कार्यकारिणी सदस्य *अभिमन्यु जायसवाल*, भाजपा मंडल बसना महामंत्री *दीपक शर्मा*, सोसाइटी अध्यक्ष *जन्मजय साव*, *नंदकिशन साव*, मोर्चा जिला उपाध्यक्ष एवं युवा मोर्चा उपाध्यक्ष *हेमप्रकाश साव*, *श्रवण कुमार साव* और *रूपानंद साव* उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों और पदाधिकारियों ने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनी और सुचारू खरीदी प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही किसानों को आश्वस्त किया कि खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
*चेहरों पर दिखी खुशी*
धान खरीदी प्रारंभ होना क्षेत्र के अन्नदाताओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। किसान कड़ी मेहनत और पसीने से तैयार की गई फसल लेकर खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं और अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर रहे हैं। समर्थन मूल्य मिलने से किसानों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दे रहा है।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने किसानों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि अन्नदाता किसान की मेहनत का सम्मान और उसकी समृद्धि ही क्षेत्र की प्रगति का आधार है। किसान समृद्ध होगा तो गांव समृद्ध होगा और गांव समृद्ध होगा तो देश आगे बढ़ेगा l
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






