Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Udaipur

उदयपुर संभाग में कहीं भाजपा तो कहीं कांग्रेस का दबदबा, डूंगरपुर में फंसा जिला प्रमुख का पेंच

20 Nov 2026, 10:15 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
उदयपुर संभाग में कहीं भाजपा तो कहीं कांग्रेस का दबदबा, डूंगरपुर में फंसा जिला प्रमुख का पेंच - UDAIPUR, राजस्थान

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026: उदयपुर संभाग में कहीं भाजपा तो कहीं कांग्रेस का दबदबा, डूंगरपुर में फंसा जिला प्रमुख का पेंच

उदयपुर संभाग की चुनावी तस्वीर: उदयपुर में भाजपा को साधारण बहुमत, चित्तौड़गढ़ में 20 साल बाद कांग्रेस की वापसी, डूंगरपुर में भाजपा और BAP बराबरी पर

उदयपुर। राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026 के परिणाम घोषित होने के साथ ही उदयपुर संभाग की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण सामने आए हैं। संभाग के अलग-अलग जिलों में मतदाताओं ने अलग-अलग राजनीतिक दलों पर भरोसा जताया है। उदयपुर जिला परिषद में भाजपा ने साधारण बहुमत हासिल किया, जबकि चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए करीब 20 साल बाद जिला प्रमुख की कुर्सी पर वापसी का रास्ता साफ किया। वहीं डूंगरपुर जिला परिषद में भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) बराबरी पर रहने से जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर राजनीतिक पेच फंस गया है।

उदयपुर में भाजपा को साधारण बहुमत

उदयपुर जिला परिषद की 47 सीटों और जिले की 20 पंचायत समितियों के 318 वार्डों के लिए शुक्रवार सुबह दो मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। परिणामों में भाजपा ने जिला परिषद की 24 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस को 22 सीटें मिलीं। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने एक सीट पर जीत दर्ज की।

इस तरह जिला परिषद में भाजपा बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गई, लेकिन कांग्रेस भी केवल दो सीट पीछे रही। पंचायत समिति चुनावों में भी दोनों प्रमुख दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

उदयपुर में दिग्गजों की हार-जीत बनी चर्चा का विषय

उदयपुर जिला परिषद चुनाव में कई बड़े राजनीतिक चेहरों के परिणाम चर्चा में रहे।

मावली से भाजपा के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने जिला परिषद के वार्ड 43 से जीत दर्ज की। वहीं खेरवाड़ा से भाजपा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी को हार का सामना करना पड़ा। वार्ड 22 से कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल ने उन्हें शिकस्त दी। नानालाल अहारी के बेटे सोनू अहारी भी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गए।

जिला परिषद के वार्ड 32 का परिणाम भी खास चर्चा में रहा। यहां कांग्रेस प्रत्याशी राजसिंह झाला ने 1575 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। राजसिंह झाला को पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना का करीबी माना जाता है। वे दिवंगत पूर्व मंत्री गुलाब सिंह शक्तावत के दोहिते और पूर्व विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत के भांजे हैं।

इन परिणामों ने जिले के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।

डूंगरपुर में भाजपा और BAP बराबरी पर, जिला प्रमुख का चुनाव रोचक

डूंगरपुर की 37 सदस्यीय जिला परिषद में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) दोनों ने 14-14 सीटें हासिल कीं, जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं।

इस स्थिति में जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें संभावित गठबंधन और नए राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हैं। देखना होगा कि भाजपा और कांग्रेस के बीच कोई नया समझौता होता है या जिला प्रमुख पद के लिए अलग रणनीति सामने आती है।

चित्तौड़गढ़ में 20 साल बाद कांग्रेस की बड़ी वापसी

चित्तौड़गढ़ जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 35 में से 28 वार्डों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा केवल 7 सीटों पर सिमट गई। करीब 20 साल बाद कांग्रेस को जिला परिषद में बहुमत हासिल हुआ है।

जिले की 11 पंचायत समितियों में से केवल तीन में भाजपा का बोर्ड बनने की संभावना बताई गई है। अप्रत्याशित जीत से कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल रहा। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जताई।

भाजपा के कई दिग्गजों को झटका

चित्तौड़गढ़ में भाजपा के कई प्रमुख नेताओं के परिवारों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी की बेटी सीमा गाडरी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व उप जिला प्रमुख मिट्ठूलाल जाट की पुत्रवधू संतोष जाट, भाजपा बांसवाड़ा जिला प्रभारी कमलेश पुरोहित की पत्नी रति पुरोहित तथा भूपालसागर के पूर्व प्रधान मोहब्बत सिंह की पुत्रवधू भावना कंवर चुनाव हार गईं।

हालांकि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की पत्नी एवं भदेसर की पूर्व प्रधान सुशीला कंवर ने जीत दर्ज की। कांग्रेस नेता और डेयरी के पूर्व चेयरमैन बद्रीलाल जाट जगपुरा की पत्नी रतनी देवी भी चुनाव जीतने में सफल रहीं।

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में RLP बनी किंगमेकर

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के चुनाव परिणाम ने सबसे रोचक राजनीतिक स्थिति पैदा कर दी। कुल 29 सीटों वाली पंचायत समिति में कांग्रेस और भाजपा दोनों को 14-14 सीटें मिलीं, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के खाते में गई।

ऐसे में प्रधान पद का चुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है। RLP के एक सदस्य का समर्थन दोनों प्रमुख दलों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। इस कारण पंचायत समिति में RLP किंगमेकर की भूमिका में आ गई है।

चित्तौड़गढ़ की प्रमुख पंचायत समितियों का परिणाम

– गंगरार: भाजपा 9, कांग्रेस 8 सीट।
– बेगूं: भाजपा 7, कांग्रेस 10 सीट।
– भूपालसागर: भाजपा 5, कांग्रेस 7, RLP 1 सीट।
– कपासन: भाजपा 4, कांग्रेस 11 सीट।
– बड़ीसादड़ी: भाजपा 3, कांग्रेस 14 सीट।
– डूंगला: भाजपा 6, कांग्रेस 11 सीट।
– राशमी: भाजपा 8, कांग्रेस 7 सीट।
– भैंसरोड़गढ़: भाजपा 5, कांग्रेस 9, RLP 1 सीट।
– भदेसर: भाजपा 12, कांग्रेस 7 सीट।
– निंबाहेड़ा: भाजपा 5, कांग्रेस 18 सीट।

इन परिणामों से चित्तौड़गढ़ जिले में कांग्रेस की मजबूत स्थिति सामने आई है। विशेष रूप से बड़ीसादड़ी और निंबाहेड़ा में कांग्रेस ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

संभाग की राजनीति में बदले समीकरण

उदयपुर संभाग के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक मुकाबला अब पहले से अधिक दिलचस्प हो गया है। उदयपुर में भाजपा ने बहुमत हासिल किया, चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस ने मजबूत वापसी की और डूंगरपुर में BAP ने भाजपा के बराबर सीटें हासिल कर सत्ता की चाबी अपने हाथ में रखने की स्थिjiति बना ली।

अब सबकी निगाहें जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनावों पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में होने वाले राजनीतिक जोड़-तोड़ और समर्थन के समीकरण यह तय करेंगे कि संभाग के ग्रामीण निकायों में किस दल का नेतृत्व स्थापित होगा।
👉वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़ के लिए राजस्थान, उदयपुर से निशांत पंडित की विशेष चुनावी रिपोर्ट

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

पंकज चौधरी के जन्मदिन पर मरीजों में फल वितरित कर दीर्घायु की कामना भाजपा नेता ऋषभ ओझा के नेतृत्व में बनकटी स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम
पंकज चौधरी के जन्मदिन पर मरीजों में फल वितरित कर दीर्घायु की कामना भाजपा नेता ऋषभ ओझा के नेतृत्व में बनकटी स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम
धीरज गुर्जर का सियासी प्रभाव चर्चा में, जहाजपुर और खजुरी में कांग्रेस को बहुमत
Bhilwara20 Nov

धीरज गुर्जर का सियासी प्रभाव चर्चा में, जहाजपुर और खजुरी में कांग्रेस को बहुमत

राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद पंचायत चुनाव के नतीजों ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल, कोटड़ी में भी कांग्रेस की…

पूरी खबर पढ़ें →
Vande Bharat Live TV NewsVande Bharat Live TV News
Sikar20 Nov

# श्रीमाधोपुर से बड़ी राजनीतिक खबर: यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा को चुनाव में बड़ा झटका, परिवार के चारों प्रत्याशी हारे

# श्रीमाधोपुर से बड़ी राजनीतिक खबर: यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा को चुनाव में बड़ा झटका, परिवार के…

पूरी खबर पढ़ें →
मंडावा में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर पड़ोस युवा संसद का आयोजन, नशे के दुष्प्रभावों के बारे में किया जागरूक
Jhunjhunu20 Nov

मंडावा में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर पड़ोस युवा संसद का आयोजन, नशे के दुष्प्रभावों के बारे में किया जागरूक

झुंझुनू (निलेश मुदगल )युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय भारत केंद्र झुंझुनू व राजकीय कन्या…

पूरी खबर पढ़ें →
उद्घाटन_व_लोकार्पण_सोहळा_कंधार* *#खासदार_रवींद्र_वसंतराव_चव्हाण*
Nanded20 Nov

उद्घाटन_व_लोकार्पण_सोहळा_कंधार* *#खासदार_रवींद्र_वसंतराव_चव्हाण*

*#उद्घाटन_व_लोकार्पण_सोहळा_कंधार* *#खासदार_रवींद्र_वसंतराव_चव्हाण* जिल्हा प्रतिनीधी साजीद बागवान---------------------------------------------------- आज कंधार येथे…

पूरी खबर पढ़ें →
error: Content is protected !!