आगर-मालवा, 23 नवम्बर शहर के साईं मंदिर के पीछे स्थित झील क्षेत्र में गत दिवस कुछ कौवों की असामयिक मृत्यु होने एवं कुछ पक्षियों के मूर्छित अवस्था में पाए जाने की सूचना प्राप्त हुई है। उल्लेखनीय है कि यह पूरा क्षेत्र सघन वृक्षारोपण एवं वनों से आच्छादित है, जो कई वर्षों से कौवों का प्राकृतिक आवास (Natural Habitat) बना हुआ है और यहाँ काफी संख्या में कौवे निवास करते हैं।
लगभग दो वर्ष पूर्व भी इस क्षेत्र में इस प्रकार की घटना सामने आई थी। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक डॉ.
एम.एल. जारोलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही विभाग का दल तत्काल मौके पर पहुंचा।
दल में शामिल डॉ. अरविंद महाजन एवं डॉ.
अंकित जैन द्वारा स्थिति का जायजा लिया गया और आवश्यक सैंपलिंग की गई। 22 नवंबर 2026 को दोपहर में एकत्र किए गए इन सैंपल्स को वन विभाग के माध्यम से आगामी विस्तृत परीक्षण हेतु हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज लेबोरेटरी (NIHSAD), भोपाल भेजा गया।
संक्रमण की रोकथाम और सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा त्वरित कदम उठाए गए हैं। मृत पक्षियों का निष्पादन
उप संचालक, पशुपालन ने बताया कि मौके पर पाए गए मृत पक्षियों को नगर पालिका के अमले द्वारा एकत्रित कर लिया गया है।
इन्हें निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पूर्ण पालन करते हुए ट्रेंचिंग ग्राउंड पर सुरक्षित रूप से दफनाया गया है। सैनिटाइजेशन एवं सफाई
नगर पालिका की टीम द्वारा संबंधित झील एवं सघन वन क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई की जा रही है।
इसके साथ ही, एहतियात के तौर पर क्षेत्र में फॉगिंग (दवा का छिड़काव) का कार्य भी किया जा रहा है। आम जनता से अपील
उप संचालक डॉ.
एम.एल. जारोलिया ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस घटना को लेकर घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है।
हालांकि, एहतियात के तौर पर आवश्यक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी मृत या बीमार पक्षी को न छुएं।
यदि क्षेत्र में पक्षियों की असामान्य मृत्यु या बीमारी से संबंधित किसी भी प्रकार की कोई सूचना मिलती है, तो तुरंत पशु चिकित्सा विभाग से संपर्क करें।