16 दिन बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद बीडी शर्मा, तो छलका परिजनों का दर्द, फूटा आक्रोश
छह अपनों को खो चुके सुरेश अग्रवाल ने सांसद के सामने उठाए सवाल, बोले– कितने नेता आए और चले गए, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई नहीं हुई… मेरे परिवार के छह सदस्य चले गए, अब मेरा क्या होगा, मुझे बोलने दो।
बरही/कटनी। बरही के हृदयविदारक अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के छह सदस्यों की मौत के 16 दिन बाद मंगलवार की रात क्षेत्रीय सांसद बीडी शर्मा शोक संवेदना व्यक्त करने पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। लेकिन इस दौरान उन्हें परिजनों की नाराजगी और आक्रोश का सामना करना पड़ा। छह अपनों को खोने का दर्द और घटना के बाद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने की पीड़ा परिजनों की बातचीत में साफ नजर आई।
पीड़ित परिवार के सदस्य सुरेश अग्रवाल ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि घटना के बाद न जाने कितने नेता आए और चले गए, लेकिन 16 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। आखिर कब तक परिवार को केवल आश्वासन मिलते रहेंगे?
मुलाकात के दौरान जब सुरेश अग्रवाल को अपनी बात रखने से रोकने की कोशिश की गई तो उनका दर्द और आक्रोश फूट पड़ा। भावुक होकर उन्होंने कहा, "मेरे परिवार के छह सदस्य चले गए… अब मेरा क्या होगा? मुझे बोलने दो…"
उनके इन शब्दों ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। यह सिर्फ एक व्यक्ति की नाराजगी नहीं, बल्कि अपने परिवार के छह सदस्यों को खो चुके व्यक्ति की उस पीड़ा की अभिव्यक्ति थी, जो घटना के 16 दिन बाद भी न्याय और जवाबदेही की प्रतीक्षा कर रहा है।
सांसद के सामने पीड़ित परिवार का यह आक्रोश एक बार फिर कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। आखिर बरही के इस भीषण अग्निकांड की जांच कहां तक पहुंची? छह लोगों की मौत के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी? और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा?
छह जिंदगियां खत्म हो गईं, लेकिन परिवार का सबसे बड़ा सवाल आज भी कायम है—आखिर जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?
—
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 – जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686