ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर घंटा चौक से पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां इंस्पेक्टर के बेटे की कार का चालान काटना ट्रैफिक हेड कांस्टेबल नकुल को भारी पड़ गया।
नोयडा/उत्तर प्रदेश।
जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर की शाम हेड कांस्टेबल नकुल सूरजपुर घंटा चौक पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान यामाहा तिराहे की तरफ से एक हुंडई क्रेटा कार आती दिखाई दी। कार की आगे और पीछे दोनों नंबर प्लेट पर सफेद कागज चिपका हुआ था, जिससे नंबर छिपे हुए थे।
हेड कांस्टेबल ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया और चालक को बाहर आने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि चालक गाड़ी से बाहर नहीं आया। इसके बाद नकुल ने यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर कार का चालान काट दिया।
हेड कांस्टेबल के अनुसार, चालान की कार्रवाई से नाराज युवक ने उनके साथ बहस शुरू कर दी और कथित तौर पर कहा, "तुम मुझे नहीं जानते, अभी बताता हूं कि मैं कौन हूं।" इसके बाद युवक ने अपने पिता को फोन किया।
बताया जा रहा है कि युवक के पिता नॉलेज पार्क कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार हैं। सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। हेड कांस्टेबल का आरोप है कि वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। मौके पर एसओजी टीम भी बुलाई गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, कार ग्रेटर नोएडा में प्रतिबंधित श्रेणी की बीएस-4 डीजल गाड़ी थी और पहले भी उसका चालान हो चुका था। इस बार कार का करीब 30 हजार रुपये का चालान किया गया।
मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो हेड कांस्टेबल और इंस्पेक्टर को डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय बुलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हेड कांस्टेबल पर वरिष्ठ अधिकारियों की बात नहीं मानने और उनके साथ ठीक से व्यवहार नहीं करने का आरोप लगा। इसके बाद उनके खिलाफ लाइन हाजिर और निलंबन की कार्रवाई की खबर सामने आई।
वहीं, इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि बेटा उनकी निजी गाड़ी लेकर गया था। ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर 30 हजार रुपये का चालान किया है। उन्होंने हेड कांस्टेबल से अभद्रता के आरोपों को निराधार बताया है।
डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, मामले की जांच एडीसीपी स्तर पर सौंपी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब इस पूरे मामले में सवाल उठ रहे हैं कि नंबर प्लेट ढकी होने पर चालान काटने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की वजह क्या थी? फिलहाल विभागीय जांच के नतीजों का इंतजार है।