राघव रीजेंसी में आधी रात को लगी आग, अग्निशमन दल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकालकर अग्निशमन कर्मियों ने टाला बड़ा खतरा, सभी लोग सुरक्षित
कटनी। शहर के थाना एनकेजे क्षेत्र अंतर्गत राघव रीजेंसी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिक निगम कटनी का अग्निशमन अमला तत्काल हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन एवं बस स्टैंड फायर स्टेशन से एक-एक अग्निशमन वाहन और फायर यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने के साथ वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
इस दौरान घटनास्थल पर रखे गैस सिलेंडरों को विशेष सावधानी बरतते हुए सुरक्षित बाहर निकाला गया। यदि आग गैस सिलेंडरों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। अग्निशमन दल की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से संभावित खतरे को टालने में सफलता मिली।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे। मध्यरात्रि में तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने अपनी मुस्तैदी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
इस दौरान सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र दुबे सहित अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7-जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📞 7509747686