शराब बिक्री और गाली-गलौज से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग

मधुबन टोला में खुलेआम शराब बेचने और गाली-गलौज करने का आरोप, करीब तीन घंटे बाधित रहा आवागमन; पुलिस की छापेमारी में आरोपी नहीं मिला
कुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र के कथराईं मोड़ पर बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने शराब की कथित अवैध बिक्री के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुए इस सड़क जाम के कारण लगभग दो से तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सड़क जाम की सूचना मिलते ही कुदरा थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों का आरोप था कि मधुबन टोला में खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है। ग्रामीणों ने मधुबन टोला निवासी कन्हैया राम पर शराब बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके द्वारा शराब की बिक्री के साथ-साथ स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज भी की जाती है। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की गतिविधियों से टोले का माहौल खराब हो रहा है। कई बार परेशानी झेलने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया, जिसके बाद लोगों ने एकजुट होकर कथराईं मोड़ पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने कथित रूप से शराब बिक्री में संलिप्त व्यक्ति के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, इस पूरे मामले को लेकर मोहनिया एसडीपीओ ने मीडिया से बातचीत करते हुए घटना की जानकारी दी और पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के संबंध में अपना पक्ष रखा।
ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि मधुबन टोला में कथित अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए तथा लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। पुलिस के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया तथा आवागमन सामान्य कराया गया।
ग्रामीणों के इस विरोध प्रदर्शन ने एक बार फिर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने और पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग को सामने ला दिया है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट )
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







