आगर-मालवा। जमीन के नक्शे में त्रुटि सुधारने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे एक व्यक्ति से कथित तौर पर 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए पटवारी और कोटवार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम कोटवार की पेंट की जेब से बरामद की गई। घटना के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, आगर के राम मालीपुरा निवासी आशुतोष चौहान ने 23 नवंबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके बड़े पिता चिंतामण चौहान की जमीन के नक्शे में त्रुटि होने के कारण सुधार के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया था। नक्शे में दुरुस्ती कराने के लिए जब पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार से संपर्क किया गया तो कथित तौर पर 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई।
पहले ले चुके थे 30 हजार, अगली किस्त लेते ही बिछे जाल में फंसे
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों को 30 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके थे। इसके बाद शेष रिश्वत राशि में से 10 हजार रुपए दिए जाने थे। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार 27 नवंबर को जैसे ही आरोपियों ने 10 हजार रुपए प्राप्त किए, लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की रकम कोटवार संजय कुम्भकार की पहनी हुई पेंट की जेब से बरामद की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक संदीप राव कदम, उमेश जाटव और मोहम्मद इसरार शामिल रहे।
लोकायुक्त टीम द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत मांगे तो लोकायुक्त को करें शिकायत
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन के दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर की जा सकती है।