उत्तर प्रदेशसोनभद्र

Sonbhadra news:घर के बाहर खेल रही मासूम को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

कूल्हे की हड्डी टूटी, हालत गंभीर — जिला अस्पताल रेफर

दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_ विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुली के कोरगी में रविवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रही महज पांच वर्षीय मासूम बच्ची सपना (पुत्री ओमप्रकाश) को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस के ईएमटी अभिषेक और चालक विजय राजभर मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया।
चिकित्सकों ने किया प्राथमिक उपचार, हालत गंभीर देख किया रेफर
सीएचसी दुद्धी में तैनात चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, बच्ची के बाएं पैर के कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है, जबकि दाएं पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं और वहां भी फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद बाइक सवार ने दिखाई जिम्मेदारी
हादसे के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने और इलाज कराने में सहयोग करता रहा। वहीं इस घटना के बाद बच्ची के परिजन गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
यह हादसा एक बार फिर से रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े करता है, खासकर उन इलाकों में जहां बच्चे अक्सर घरों के बाहर खेलते हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!